Yeh Prem Mol Liya Box Office: आयुष्मान-शरवरी की फिल्म का पहले दिन कमाल, पांच फिल्मों को छोड़ा पीछे

आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फैमिली ड्रामा ने पहले दिन शाम छह बजे तक 2.52 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 November 2026, 4:39 PM IST

नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या की फैमिली ड्रामा फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' ने 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की जोड़ी वाली इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा थी। अब फिल्म के पहले दिन की कमाई के शुरुआती आंकड़े सामने आए हैं। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म ने रिलीज के दिन शाम छह बजे तक ही इस साल रिलीज हुई पांच बॉलीवुड फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया।

पहले दिन कितनी हुई 'ये प्रेम मोल लिया' की कमाई?

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क (Sacnilk) के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'ये प्रेम मोल लिया' ने रिलीज के पहले दिन शाम छह बजे तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 2.52 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 2.97 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

देशभर में फिल्म के करीब 5,451 शोज के आंकड़े ट्रैक किए गए हैं। हालांकि, ये कमाई के शुरुआती आंकड़े हैं। रात के शोज की कमाई जुड़ने के बाद ओपनिंग डे के अंतिम कलेक्शन में बदलाव हो सकता है। फिल्म के लिए पहला वीकेंड भी काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है।

आयुष्मान की फिल्म ने इन पांच फिल्मों को पछाड़ा

'ये प्रेम मोल लिया' ने शाम छह बजे तक की कमाई के आधार पर वर्ष 2026 में रिलीज हुई पांच फिल्मों के पहले दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इनमें 'प्रहार', 'मैं वापस आऊंगा' और 'द केरल स्टोरी 2' जैसी फिल्में शामिल हैं।

प्यार और पारिवारिक रिश्तों की अनोखी कहानी

सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी 'ये प्रेम मोल लिया' की कहानी प्रेम और पूर्वा के इर्द-गिर्द घूमती है। आयुष्मान खुराना ने प्रेम नाम के एक संघर्षरत संगीतकार का किरदार निभाया है, जबकि शरवरी वाघ पत्रकार पूर्वा की भूमिका में नजर आई हैं।

पूर्वा पर अपने परिवार की जिम्मेदारी है। उसके घर में दादी, नानी, बुआ और भतीजी समेत कई महिलाएं रहती हैं। यही वजह है कि वह शादी के बाद अपना घर छोड़ना नहीं चाहती। ऐसे में प्रेम एक अनोखा फैसला लेता है और शादी के बाद अपने परिवार के साथ पूर्वा के घर रहने पहुंच जाता है।

इसके बाद दो परिवारों के बीच प्यार, नोकझोंक, भावनाओं और बदलती परंपराओं की दिलचस्प कहानी शुरू होती है। फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, गीता अग्रवाल, स्वानंद किरकिरे और सौम्या टंडन जैसे कलाकार भी नजर आए हैं।

Location :  Mumbai

Published :  28 November 2026, 4:39 PM IST