Tiger Shroff Car Firing: टाइगर श्रॉफ पर हमले के लिए हथियार ले जाने वाली यूपी की दो युवतियां अरेस्ट, पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनमें हथियार सप्लाई करने वाली दो युवतियां भी शामिल हैं, जिन्हें तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंपा गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 October 2026, 8:35 AM IST

New Delhi: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हथियार पहुंचाने वाली दो युवतियां भी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें मुंबई पुलिस को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया गया है।

गैंगस्टर अनिल पंडित और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तार

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए चारों आरोपी कथित तौर पर कुख्यात गैंगस्टर अनिल पंडित और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हथियार सप्लाई मॉड्यूल का हिस्सा हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल (21 वर्ष, रोहाना, सोनीपत), सुमित (19 वर्ष, सोनीपत, हरियाणा), राधा (23 वर्ष, नहवैया, सीतापुर, उत्तर प्रदेश) और बबीता (23 वर्ष, आजमगढ़, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया है कि सोनीपत के रहने वाले कुणाल ने ही इन महिलाओं को तैयार किया था और एनक्रिप्टेड ऐप के जरिए उन्हें लगातार निर्देश दे रहा था। वहीं, सुमित इस हथियार सप्लाई मॉड्यूल और पूरी साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाला कौन है अनिल पंडित? कभी था बहुत शरीफ, अमेरिका में सीखा अपराध

इस तरह रची गई साजिश और पहुंचाया गया हथियार

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को कुणाल ने राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छोड़ा था। राधा के बैग में पिस्तौल और कारतूस छिपाए गए थे। इसके बाद 17 अक्टूबर को दोनों युवतियां मुंबई के दादर स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में रुकीं। वहां उन्होंने अनिल पंडित के निर्देशों के तहत तय किए गए संपर्क सूत्र को हथियारों से भरा बैग सौंप दिया।

इसके अगले दिन यानी 18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे, जब अभिनेता टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू में फुटबॉल मैच खेलकर अपनी बीएमडब्लू कार से लौट रहे थे, तब शूटर्स ने उनकी कार पर कई राउंड फायरिंग की। गनीमत यह रही कि इस हमले में अभिनेता सुरक्षित बच गए। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवतियां दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस के जरिए वापस दिल्ली लौट आईं।

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और सलमान खान के घर की रेकी का खुलासा

घटना के खुलासे के लिए लगातार दबिश दे रही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 20 अक्टूबर को त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को धर दबोचा। इस सनसनीखेज मामले में गोली चलाने वाले तीन मुख्य शूटरों को मुंबई पुलिस पहले ही राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर चुकी है।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कर मुंबई से भागे 3 आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन पर दबोचे गए

इस बीच, जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है कि इन आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ के अलावा बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर की भी रेकी की थी। फिलहाल, मुंबई पुलिस रिमांड पर लिए गए इन चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

Location :  New Delhi

Published :  21 October 2026, 8:35 AM IST