राखी सावंत ने अब उत्तर प्रदेश की इस महिला अफसर के खिलाफ खोला मोर्चा, आशा भोसले से जुड़ा मामला सोशल मीडिया पर वायरल

आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर द्वारा गायिका आशा भोसले का नाम गलत लेने पर विवाद खड़ा हो गया है। इस पर एक्ट्रेस राखी सावंत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि मेयर ने इसे एडिटेड बताते हुए सफाई दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 16 April 2026, 3:29 PM IST

Agra: आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर द्वारा गायिका आशा भोसले का नाम गलत लेने पर विवाद खड़ा हो गया है। इस पर एक्ट्रेस राखी सावंत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि मेयर ने इसे एडिटेड बताते हुए सफाई दी है।

एक नाम की चूक ने आगरा की सियासत से लेकर बॉलीवुड तक हलचल मचा दी है। मशहूर गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते वक्त आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर द्वारा गलत नाम लेने का मामला अब तूल पकड़ चुका है। इस पर बॉलीवुड एक्ट्रेस राखी सावंत ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है, जिससे यह विवाद और गरमा गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर ने रविवार को एक कार्यक्रम के बाद प्रेसवार्ता के दौरान आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए उनका नाम दो बार गलत ले लिया। उन्होंने ‘भोसले’ की जगह ‘घोसले’ कहा। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। करीब 47 सेकेंड के इस वीडियो में मेयर पहले अपने साथियों से पूछती नजर आती हैं कि आशा भोसले सिंगर थीं या नहीं और फिर हंसते हुए गलत नाम लेकर श्रद्धांजलि देती हैं। इसके बाद यह वीडियो ट्रेंड करने लगा और लोग उन्हें ट्रोल करने लगे।

राखी सावंत का तीखा रिएक्शन?

इस पूरे मामले पर राखी सावंत ने एक निजी चैनल से बातचीत में नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “क्या मेयर पढ़ी-लिखी नहीं हैं? उन्हें भोसले और घोसले में फर्क नहीं पता? भोसले बहुत बड़ा परिवार है और आशा भोसले बहुत बड़ा नाम हैं।” हालांकि, राखी ने बाद में यह भी कहा कि “किसी ने क्या बोला, उसमें मुझे मत डालो। मेरे लिए तो आशा भोसले जी ही हैं।” बताया जा रहा है कि यह बयान उस समय का है, जब राखी मुंबई एयरपोर्ट पर थीं और फैंस के साथ बातचीत कर रही थी।

मेयर की सफाई और नया विवाद

विवाद बढ़ने के बाद मेयर हेमलता दिवाकर ने 13 अप्रैल को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने दावा किया कि वायरल वीडियो एडिटेड है और उनकी छवि खराब करने के लिए उसमें छेड़छाड़ की गई है। हालांकि, मेयर के इस दावे के बाद भी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा। उनके नए वीडियो पर भी सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी है।

इस पूरे मामले में सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। कुछ लोग मेयर का बचाव कर रहे हैं और इसे सामान्य गलती बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे गंभीर चूक मानते हुए आलोचना कर रहे हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि गलती मान लेना बेहतर होता, जबकि कुछ ने मेयर के एडिटिंग वाले दावे पर भी सवाल उठाए हैं।

Location :  Agra

Published :  16 April 2026, 3:29 PM IST