
तमिलनाडु में फिल्म धुरंधर 2 बैन करने की मांग (Img: Google)
Chennai: तमिलनाडु में अप्रैल 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। इसी बीच बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ विवादों में घिर गई है। फिल्म को लेकर अब मामला मद्रास हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है, जहां इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग उठाई गई है।
मद्रास हाई कोर्ट की पीठ, जिसमें मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन शामिल हैं, के सामने एक वकील ने इस मुद्दे को मौखिक रूप से प्रस्तुत किया। याचिकाकर्ता ने दलील दी कि फिल्म का कंटेंट संवेदनशील राजनीतिक और वास्तविक घटनाओं से जुड़ा है, जो चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित कर सकता है।
हालांकि अदालत ने साफ कहा कि केवल मौखिक अपील के आधार पर कोई आदेश पारित नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को औपचारिक याचिका दायर करने का निर्देश दिया है, जिसके बाद ही इस पर सुनवाई होगी।
‘धुरंधर 2’ की कहानी एक ऐसे किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपराध की दुनिया में उभरकर कराची के लयारी इलाके का बड़ा नाम बन जाता है। फिल्म में 26/11 हमले, कंधार विमान अपहरण और संसद हमले जैसी वास्तविक घटनाओं के संदर्भ शामिल हैं। याचिकाकर्ता का कहना है कि ऐसे विषय चुनाव के दौरान जनता की सोच को प्रभावित कर सकते हैं, खासकर जब आदर्श आचार संहिता लागू हो।
14 जून को आएगी ‘धुरंधर 3’? वायरल पोस्ट ने मचाया तहलका, जानिये क्या है सच
सिर्फ ‘धुरंधर 2’ ही नहीं, बल्कि तमिल सुपरस्टार विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ भी विवादों में है। सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को सीधे भारत निर्वाचन आयोग के पास समीक्षा के लिए भेज दिया है। यह एक असामान्य कदम है और माना जा रहा है कि विजय के सक्रिय राजनीति में होने के कारण यह निर्णय लिया गया है।
फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं। इसके अलावा सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, गौरव गेरा और राकेश बेदी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह फिल्म 2025 की ब्लॉकबस्टर धुरंधर का सीक्वल है और 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
Location : Chennai
Published : 23 March 2026, 4:48 PM IST
Topics : Assembly Elections 2026 Dhurrandhar 2 Madras High court Ranveer Singh Tamil Nadu Elections 2026