
परदे के पीछे तकनीक का सहारा लेते हैं अक्षय कुमार (Img- Pinterest)
Mumbai: हिंदी सिनेमा में अपनी अनुशासित दिनचर्या, फिटनेस और हर साल बैक-टू-बैक हिट फिल्में देने के लिए मशहूर अक्षय कुमार को लेकर एक सीनियर एक्टर का चौंकाने वाला बयान सामने आया है। बॉलीवुड के वरिष्ठ और सम्मानित अभिनेता सुधीर पांडे ने दावा किया है कि सुपरहिट फिल्मों में लंबे और कठिन संवादों (डायलॉग्स) को बोलने के लिए अक्षय अक्सर सेट पर बोर्ड और टेलीप्रॉम्प्टर जैसी तकनीकों की मदद लेते हैं।
सुधीर पांडे, जिन्होंने अक्षय के साथ 'तीस मार खां' और 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया है, के इस खुलासे के बाद फिल्मी गलियारों और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
प्रसिद्ध एंकर सिद्धार्थ कनन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सुधीर पांडे ने अक्षय कुमार के साथ काम करने के अपने पुराने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि साल 1995 में आई फिल्म 'पांडव' की शूटिंग के समय से ही अक्षय को लंबे डायलॉग्स याद करने में काफी कठिनाई होती थी। उस दौर में इस समस्या से निपटने के लिए शूटिंग सेट पर बड़े-बड़े बोर्ड्स पर डायलॉग लिखकर रखे जाते थे, ताकि वे उन्हें देखकर बोल सकें।
सुधीर पांडे ने आगे बताया कि समय के साथ तकनीक बदली और अक्षय ने भी इसे अपनाया। सुपरहिट फिल्म 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' के शूटिंग सीन्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म के लंबे और भावनात्मक सीन्स को करने के लिए अक्षय ने बकायदा टेलीप्रॉम्प्टर का इस्तेमाल किया था। सुधीर का मानना है कि अभिनय के दौरान इस तरह की तकनीकों पर बहुत अधिक निर्भर रहने से कलाकार धीरे-धीरे इनका आदी हो जाता है और प्राकृतिक संवाद अदायगी पर इसका असर पड़ सकता है।
एक्टिंग की बारीकियों के अलावा, सुधीर पांडे ने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के बीच बदलते रिश्तों और बढ़ते पेशेवर फासलों पर भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार के साथ कई फिल्मों में स्क्रीन शेयर करने और अच्छे संबंध होने के बावजूद, जब भी वे उनसे संपर्क करने की कोशिश करते हैं, तो अक्षय की मैनेजर टीम की तरफ से कोई जवाब या रिस्पॉन्स नहीं मिलता। एक वरिष्ठ कलाकार होने के नाते इस तरह का बेरुखा व्यवहार उन्हें काफी दुखी और निराश करता है।
Location : Mumbai
Published : 22 July 2026, 1:35 PM IST
Topics : Akshay Kumar Bollywood News Entertaiment News