पति और ससुराल पर गंभीर आरोप, रक्षा मंत्रालय में कार्यरत थी मृतका: हत्या या आत्महत्या?

राजधानी दिल्ली में रक्षा मंत्रालय में तैनात एक महिला कर्मचारी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन महीने की गर्भवती महिला ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि वह लंबे समय से ससुराल पक्ष की प्रताड़ना झेल रही थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 August 2026, 12:14 PM IST

New Delhi: दिल्ली में तीन महीने की गर्भवती महिला की कथित आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतका रक्षा मंत्रालय में कार्यरत थी। घटना के बाद महिला के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मायके वालों को फोन पर बताती थी ससुराल की परेशानी

FIR के मुताबिक, महिला को कथित तौर पर पति और ससुराल वालों की ओर से लगातार मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

परिजनों का कहना है कि महिला फोन कॉल के जरिए अक्सर उन्हें ससुराल में हो रही परेशानियों के बारे में बताती थी। परिवार के मुताबिक, वह काफी तनाव में थी और अपनी स्थिति की जानकारी लगातार मायके वालों को देती रहती थी।

21 अगस्त को मिली आत्महत्या की सूचना

परिजनों के अनुसार, 21 अगस्त को उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसमें बेटी के आत्महत्या करने की जानकारी दी गई। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  23 August 2026, 12:14 PM IST