जेल से निकला अंडरवर्ल्ड डॉन का साला, बेटे की शादी में जमकर किया डांस, नोटों की बारिश का VIDEO वायरल

छोटा शकील के साले सलीम फ्रूट का शादी में डांस करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। जेल से बाहर आने की वजह, NIA केस और रंगदारी के आरोपों से जुड़ी पूरी कहानी जानिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 10:11 AM IST

Mumbai: मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के साले सलीम फ्रूटवाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सलीम फ्रूटवाला अपने बेटे की शादी में दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ जमकर डांस करता नजर आ रहा है। खास बात यह है कि उसके डांस के दौरान जमकर नोट उड़ाए जा रहे हैं। जमीन पर हर तरफ नोट बिखरे दिखाई दे रहे हैं। बैकग्राउंड में 'एहसान मेरे दिल पे तुम्हारा है दोस्तो, ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों' गाना बज रहा है और सलीम इस पर झूमता दिखाई दे रहा है। बेटे की शादी में इस तरह जश्न मनाते सलीम का वीडियो सामने आने के बाद उसके बारे में चर्चा तेज हो गई है। आखिर कौन है सलीम फ्रूट, जिसे बेटे की शादी में शामिल होने के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति मिली?

बेटे की शादी के लिए 30 दिन की अंतरिम जमानत

सलीम फ्रूटवाला को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत ने उसके बेटे और बेटी की शादी में शामिल होने के लिए 30 दिनों की अंतरिम जमानत दी थी। NIA ने उसे 4 अगस्त 2022 को दाऊद इब्राहिम गिरोह से जुड़ी कथित आतंकी गतिविधियों और टेरर फंडिंग के मामले में गिरफ्तार किया था।

अदालत ने सलीम को 1 लाख रुपये का निजी मुचलका और एक स्थानीय जमानतदार देने की शर्त पर अंतरिम जमानत दी। इसके अलावा, रिहाई के दौरान 24 घंटे तैनात रहने वाले दो पुलिसकर्मियों का पूरा खर्च भी उसे उठाना होगा।

अदालत ने उसकी आवाजाही को केवल घर और शादी के आयोजन स्थल तक सीमित रखा है। साथ ही उसे गवाहों से संपर्क करने और सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने से भी प्रतिबंधित किया गया है।

क्यों पड़ा सलीम फ्रूट नाम?

सलीम फ्रूट का पूरा नाम सलीम फ्रूटवाला बताया जाता है। वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का साला है। उसे 'सलीम फ्रूट' के नाम से इसलिए जाना जाता है क्योंकि उसके परिवार का दक्षिण मुंबई में फलों का कारोबार है।

सलीम को दाऊद इब्राहिम गिरोह से जुड़ा हुआ बताया जाता है। छोटा शकील पर दाऊद के लिए काम करने और अपने गुर्गों के जरिए जबरन वसूली का नेटवर्क चलाने के आरोप रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, छोटा शकील कथित तौर पर पाकिस्तान से दाऊद के लिए काम करता था। सलीम के भी पाकिस्तान में दाऊद के ठिकाने पर तीन-चार बार जाने की बात सामने आई है।

62 लाख की रंगदारी और रेंज रोवर से जुड़ा मामला

सलीम फ्रूटवाला का नाम जबरन वसूली के एक हाई-प्रोफाइल मामले में भी सामने आया है। यह मामला मुंबई के एक कारोबारी की शिकायत से जुड़ा है, जिसने 2022 में शिकायत दर्ज कराई थी।

कारोबारी का आरोप है कि फरवरी 2021 में एक फाइव स्टार होटल में उसकी बर्थडे पार्टी आयोजित हुई थी, जिसमें 200 से ज्यादा मेहमान शामिल हुए थे। आरोप के मुताबिक, इस कार्यक्रम के बाद उसे निशाना बनाया गया और उससे 62 लाख रुपये की मांग की गई।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, जबरन वसूली की साजिश इसी कार्यक्रम के दौरान रची गई थी। आरोप है कि छोटा शकील के नेतृत्व वाले सिंडिकेट के सदस्यों ने इस साजिश को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसे धमकी दी गई, करीब 30 लाख रुपये कीमत की रेंज रोवर गाड़ी ले ली गई और गंभीर नुकसान पहुंचाने का डर दिखाकर उससे और पैसे ट्रांसफर कराए गए।

MCOCA के तहत आरोप तय, अदालत ने बरी करने से किया इनकार

फरवरी 2026 में महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत गठित विशेष अदालत ने सलीम फ्रूट को इस हाई-प्रोफाइल जबरन वसूली मामले में बरी करने से इनकार कर दिया था।

अदालत ने कहा कि मामले की आगे सुनवाई के लिए रिकॉर्ड पर पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। इसके बाद IPC की विभिन्न धाराओं और MCOCA के प्रावधानों के तहत उसके खिलाफ आरोप तय किए गए।

जांच एजेंसियां पहले भी सलीम फ्रूटवाला के खिलाफ जबरन वसूली, संपत्ति हड़पने और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में कार्रवाई कर चुकी हैं। ऐसे में बेटे की शादी में उसका डांस और बारात में उड़ते नोटों का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Location :  Mumbai

Published :  21 November 2026, 10:11 AM IST