प्रयागराज में स्कूल बैग की तलाशी लेते ही उड़े होश, आठवीं के छात्र की करतूत से पुलिस भी हैरान

प्रयागराज के मुट्ठीगंज स्थित एक स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र के बैग से तीन देसी बम मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच में साथी छात्र से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया है। बमों के स्रोत की जांच भी जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 November 2026, 12:55 PM IST

Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने स्कूल प्रबंधन के साथ अभिभावकों की भी चिंता बढ़ा दी है। मुट्ठीगंज स्थित एक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र अपने बैग में तीन देसी बम लेकर पहुंच गया। बैग की तलाशी के दौरान बम मिलने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि छात्र अपने ही एक पुराने दोस्त को डराने के लिए बम लेकर स्कूल पहुंचा था। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया है।

बैग की तलाशी लेते ही खुला राज

घटना बृहस्पतिवार की है। सूत्रों के मुताबिक, स्कूल पहुंचे एक छात्र के बैग में संदिग्ध सामान होने का शक दूसरे विद्यार्थी को हुआ। इसके बाद जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें तीन देसी बम मिले। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों बमों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस पूछताछ में छात्र ने दावा किया कि उसने खुद ही बम बनाए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी उसके इस दावे की पुष्टि नहीं की है।

प्रतीकात्मक छवि (Img X)

कभी अच्छे दोस्त थे दोनों छात्र

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों छात्र पहले अच्छे दोस्त थे। कुछ दिनों पहले किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया था। इसके बाद दो से तीन बार कहासुनी और मारपीट भी हुई थी।

आरोप है कि इसी विवाद के चलते छात्र अपने साथी को डराने के लिए बम लेकर स्कूल पहुंचा था। वहीं, घटना के बाद दो विद्यार्थियों को स्कूल से निकाले जाने की भी चर्चा है। हालांकि, स्कूल प्रबंधन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

छात्र के पास कहां से आए बम?

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर आठवीं कक्षा के छात्र के पास बम कहां से आए। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अन्य व्यक्ति ने उसे बम उपलब्ध तो नहीं कराए थे।

एसीपी अतरसुइया एस. दीप्ति चौहान ने बताया कि बमों के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। छात्र और उसके पिता से भी पूछताछ की गई है। स्कूल कर्मचारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और उनके व्यवहार पर निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Prayagraj

Published :  29 November 2026, 12:55 PM IST