
मौके पर मौजूद लोगों की भीड़
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मंदिर परिसर में साधु की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मनसैता गांव के किनारे स्थित मनकामेश्वर भीमकुंडा मंदिर परिसर में सोमवार देर रात 62 वर्षीय साधु बाबा दयाल दास की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 62 वर्षीय बाबा दयाल दास के रूप में हुई है। वह अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अयोध्या अखाड़ा, हनुमानगढ़ी अयोध्या से जुड़े हुए थे। बताया गया कि बाबा दयाल दास पिछले करीब 25 वर्षों से मनकामेश्वर भीमकुंडा मंदिर में रह रहे थे। सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थर से कूचकर उनकी हत्या कर दी।
मंगलवार सुबह मंदिर परिसर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे लोगों को बाबा दयाल दास नजर नहीं आए। उनकी सक्रियता दिखाई नहीं देने पर लोगों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। सुबह करीब आठ बजे एसीपी अजेंद्र यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
साधु की हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के मुताबिक, मंदिर परिसर में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Location : Prayagraj
Published : 24 November 2026, 9:40 AM IST