प्रयागराज में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, पत्नी का गंभीर आरोप- पुलिस के सामने मारी गोली

प्रयागराज के सलोरी में 52 वर्षीय अधिवक्ता सतीश कुमार श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई। परिवार ने पड़ोसी के साथ चल रहे जमीन विवाद को घटना की वजह बताया है और पुलिस के सामने गोली मारे जाने का आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 October 2026, 5:31 PM IST

Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जमीन विवाद को लेकर एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी में 52 वर्षीय सतीश कुमार श्रीवास्तव को पेट में गोली लगी। परिजन उन्हें पहले निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घर और प्लॉट की बाउंड्री तोड़ने का आरोप

मृतक की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव के मुताबिक, पड़ोसी देवेंद्र नाथ मिश्रा कई लोगों के साथ उनके घर पहुंचा था। परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और प्लॉट की बाउंड्री तोड़ने लगे। विरोध करने पर सतीश के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उन्हें गोली मार दी गई। वर्षा का आरोप है कि हमलावरों के साथ देवेंद्र नाथ के बेटे और कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और पथराव किए जाने की बात भी कही है।

एक साल से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद

परिवार के अनुसार, सतीश श्रीवास्तव और देवेंद्र नाथ मिश्रा के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। वर्षा का कहना है कि शुरुआत में दोनों परिवारों के बीच संबंध अच्छे थे। उन्होंने बताया कि देवेंद्र नाथ ने अपनी गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह मांगी थी और पुराने परिचय के चलते उनके पति ने इसकी अनुमति दे दी थी।

ये भी पढ़ें- “BJP हारने लगती है तो चुनाव आयोग के पीछे छिप जाती है”, अखिलेश यादव का दावा- पकड़े गए 19 लाख फर्जी वोटर

परिवार का आरोप है कि बाद में इसी जमीन पर कब्जे की कोशिश होने लगी। इस संबंध में पुलिस और अन्य अधिकारियों को शिकायतें भी दी गई थीं। वर्षा ने बताया कि परिवार ने पहले भी अपनी परेशानी अधिकारियों के सामने रखी थी। उनका दावा है कि विवाद को लेकर पहले एक अन्य घटना भी हुई थी, जिसकी शिकायत पर कार्रवाई हुई थी।

पत्नी ने की सख्त कार्रवाई की मांग

पति की मौत के बाद वर्षा श्रीवास्तव ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। पत्नी ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी की और कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, परिवार को राहत नहीं मिलेगी।

परिवार और साथी वकीलों ने कार्रवाई की मांग को लेकर कई घंटे तक विरोध किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी बातचीत और नोकझोंक भी हुई। बाद में अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिवार शांत हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने क्या बताया?

डीसीपी सिटी सागर जैन के अनुसार, सतीश श्रीवास्तव और देवेंद्र नाथ मिश्रा के बीच नजूल की संपत्ति को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को विवादित संपत्ति पर ताला तोड़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान गोली चली। गोली सतीश के पेट में लगी, जिसके बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कर्नलगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई गई हैं।

ये भी पढ़ें- यूपी चुनाव में कुर्मी-पासी बनेंगे सियासी रणनीति का केंद्र? BJP और सपा के सामने बड़ी चुनौती

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस विवादित संपत्ति के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है, ताकि घटना के समय मौजूद लोगों और उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके।

सतीश श्रीवास्तव ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में लैब अटेंडेंट के रूप में भी काम करते थे। उनकी पत्नी एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं और परिवार में दो बेटियां हैं। इस घटना के बाद परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है। 

Location :  Prayagraj

Published :  15 October 2026, 5:31 PM IST