‘ना ताला टूटा, ना कोई शोर’ 15 लाख की चोरी का वो ‘डार्क सीक्रेट’! जानिए कैसे पकड़ा गया 20 साल का चोर

भवाली कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर लाखों रुपये के स्वर्ण आभूषण चोरी मामले का खुलासा करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 12 तोला सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 August 2026, 7:12 PM IST

Nainital: नैनीताल जिले के भवाली कोतवाली क्षेत्र में घर से चोरी हुए लाखों रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषणों की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 12 तोला सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है, शत प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के इन आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने की फिराक में था।

29 अगस्त को दर्ज कराई गई थी चोरी की शिकायत

जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना निवासी उमा लटवाल पत्नी स्वर्गीय नारायण सिंह लटवाल ने भवाली कोतवाली में अपने घर से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 33/2026 के तहत धारा 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

Nainital: नेपाल में बाढ़ से नैनीताल प्रशासन अलर्ट, नागरिकों की मदद के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

सुरागरसी और पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने घटना के बाद तत्काल सुरागरसी पतारसी शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ के साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के दौरान एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गाड़ी खरीदने के लिए की थी चोरी

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए स्वर्ण आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने की योजना बनाई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही और कब्जे से चोरी का पूरा सोना बरामद कर लिया।

दो जोड़ी पौंची समेत कई आभूषण बरामद

बरामद आभूषणों में दो जोड़ी पौंची, एक जोड़ी कान के झुमके, एक नथ, एक गोलोबंद, एक मांग-टीका और एक अंगूठी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सोने का कुल वजन करीब 12 तोला है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू पुत्र पूरन सिंह लटवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Nainital: जेल परिसर में बड़ी साजिश का खुलासा, वारदात से पहले पुलिस ने ऐसे रोका प्लान

पुलिस टीम को मिलेगा 2,500 रुपये का इनाम

पुलिस टीम को मिलेगा इनाम: चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने और शत प्रतिशत बरामदगी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,500 के पुरस्कार की घोषणा की है।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, कांस्टेबल आनंद सिंह राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चंद्र, मनीष पुनेठा, नरेंद्र मेहता, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश और हेड कांस्टेबल चालक आनंद सिंह कनवाल शामिल रहे।

Location :  Nainital

Published :  30 August 2026, 7:12 PM IST