8 महीने तक कैद, मारपीट और जबरन मजदूरी! रेलवे स्टेशन पर मिली युवक की हालत देख उड़ गए होश

मुजफ्फरनगर में मानसिक रूप से बीमार युवक को आठ महीने तक बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेलवे स्टेशन पर घायल हालत में मिलने के बाद युवक ने किसान पर मारपीट और यातनाएं देने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 July 2026, 7:33 AM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मानसिक रूप से बीमार एक युवक को कथित तौर पर आठ महीने तक बंधक बनाकर जबरन खेतों में मजदूरी कराई गई। आरोप है कि काम नहीं करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की जाती थी और उसे पर्याप्त भोजन भी नहीं दिया जाता था। रविवार को युवक गंभीर हालत में रेलवे स्टेशन पर मिला, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

8 महीने पहले घर से हुआ था लापता

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार शर्मा नवंबर 2025 में घर से लापता हो गए थे। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने उसी समय पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

रेलवे स्टेशन पर मिली घायल अवस्था में

करीब आठ महीने बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि प्रदीप मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर बेहोशी की हालत में मिले हैं। उनके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान होश आने पर प्रदीप ने जो कहानी बताई, उसने सभी को हैरान कर दिया।

उत्तर प्रदेश में आज इन जिलों में बारिश का कहर, जानिए आपके शहर का मौसम कैसा रहेगा

किसान पर बंधक बनाकर मजदूरी कराने का आरोप

पीड़ित के परिवार का आरोप है कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी किसान प्रमोद उर्फ जयपाल उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। वहां उसे एक कमरे में बंद रखकर खेतों में काम कराया जाता था। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी और बेहद कम खाना दिया जाता था। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बलरामपुर में हाईवोल्टेज तारों की चोरी में यह निकला मास्टरमाइंड, पुलिस भी हैरान

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की मां की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक का मेडिकल कराया गया है, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  7 July 2026, 7:29 AM IST