मेरठ में जिस करैत से पत्नी ने पति को कटवाया, आखिर कितना खतरनाक होता है यह जहरीला सांप? जानिए इसके डंस का असर

मेरठ में करैत सांप के जरिए कथित हत्या का मामला सामने आने के बाद सर्पदंश फिर चर्चा में है। आखिर करैत कितना जहरीला है, क्या पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं, भारत में हर साल कितने लोग सांप के काटने से जान गंवाते हैं और सर्पदंश के बाद क्या करना चाहिए, जानिए इस एक्सप्लेनर में।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 22 July 2026, 3:36 PM IST

Meerut: मेरठ में कथित तौर पर करैत सांप से हत्या किए जाने का मामला सामने आने के बाद पूरे देश में सर्पदंश को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को पहले नींद की गोलियां दीं और फिर जहरीले करैत से डसवाकर मौत के घाट उतार दिया। हालांकि इस मामले की जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने करैत जैसे खतरनाक सांप और भारत में सर्पदंश की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या पहली बार सामने आया ऐसा मामला?

ऐसा मामला पहली बार नहीं आया है। 2025 में मेरठ में ही एक व्यक्ति की हत्या के बाद उसे सांप के डसने का रूप देने की कोशिश की गई थी। वहीं, तमिलनाडु में भी बीमा राशि के लालच में सर्पदंश को हत्या का हथियार बनाने की साजिश का खुलासा हुआ था। हालांकि ऐसे मामले बेहद दुर्लभ माने जाते हैं।

कितना खतरनाक है कॉमन करैत?

कॉमन करैत दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है। यह अधिकतर रात में सक्रिय रहता है और अक्सर सो रहे लोगों को काटता है। इसका जहर सीधे तंत्रिका तंत्र पर असर करता है। समय पर इलाज न मिलने पर 4 से 8 घंटे के भीतर सांस रुकने से मौत हो सकती है।

भारत में हर साल कितने लोग होते हैं शिकार?

भारत में हर साल लाखों लोग सांप के काटने का शिकार होते हैं। अनुमान है कि करीब 50 हजार लोगों की मौत सर्पदंश से होती है। सबसे अधिक मामले ग्रामीण इलाकों में सामने आते हैं। कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में मौतों की संख्या अधिक दर्ज की जाती है।

भारत के सबसे विषैले सांप

भारत में लगभग 300 प्रजातियों के सांप पाए जाते हैं, जिनमें 52 विषैले हैं। सबसे खतरनाक चार सांप हैं-

  • इंडियन कोबरा
  • कॉमन करैत
  • रसेल वाइपर
  • सॉ-स्केल्ड वाइपर

इन्हीं चार प्रजातियों के कारण देश में लगभग 90% विषैले सर्पदंश के मामले सामने आते हैं।

सांप काटने पर क्या करें?

  • पीड़ित को शांत रखें।
  • काटे गए अंग को हिलने न दें।
  • अंगूठी, घड़ी या तंग कपड़े हटा दें।
  • तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।
  • एंटी-स्नेक वेनम ही सबसे प्रभावी इलाज है।

क्या बिल्कुल नहीं करना चाहिए?

  • घाव को काटने या जहर चूसने की कोशिश न करें।
  • रस्सी या टूर्निकेट कसकर न बांधें।
  • झाड़-फूंक या घरेलू इलाज पर भरोसा न करें।
  • सांप पकड़ने या मारने में समय न गंवाएं।

Location :  Meerut

Published :  22 July 2026, 3:36 PM IST