
महराजगंज में दर्दनाक हादसा(Img: Dynamite News)
Mahrajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पकड़ी जंगल में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ससुराल जा रही महिला रास्ते में पानी में गिर गई। मां को बचाने की कोशिश में उसके दोनों मासूम बच्चे भी पानी में चले गए और देखते ही देखते तीनों की डूबने से मौत हो गई। एक साथ मां और दो बच्चों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पनियरा डींगुरी निवासी पूनम पत्नी मोहित अपने दो बच्चों के साथ ससुराल जाने के लिए जंगल के रास्ते से गुजर रही थीं। इसी दौरान रास्ते में पैर फिसलने से पूनम पानी में गिर गईं। मां को पानी में गिरता देख उनके 7 वर्षीय बेटे विपिन और 5 वर्षीय बेटी सुहानी भी उन्हें बचाने के प्रयास में पानी में उतर गए।
हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तीनों पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतकों में 45 वर्षीय पूनम, उनका सात वर्षीय बेटा विपिन और पांच वर्षीय बेटी सुहानी शामिल हैं।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की खबर गांव और आसपास के क्षेत्र में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। जिस रास्ते से परिवार के सदस्य ससुराल जाने के लिए निकले थे, वही रास्ता परिवार के लिए मातम की वजह बन गया।
सदर कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
Location : Mahrajganj
Published : 16 September 2026, 9:38 PM IST
Topics : Drowning Death Mahrajganj Accident Mahrajganj News Mother Children Drowned Pakdi Jungle Accident