
पीड़िता की मां ने लगाई न्याय की गुहार (Img: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक मां अपनी बेटी की तलाश में पुलिस थाने के चक्कर काट रही है। बेटी के अचानक लापता होने से परेशान मां ने गांव के ही एक युवक पर अपहरण और हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवती बालिग है और अपनी मर्जी से युवक के साथ गई है।
मामला फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र के तेजनीपुर गांव का है। पीड़िता की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को रिंकी घर से भैंसों के लिए चारा लेने खेत की तरफ गई थी। परिवार का आरोप है कि इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने गांव के ही विमलेश पुत्र भैयालाल पर पुरानी रंजिश के चलते रिंकी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
ये भी पढ़ें- सुलतानपुर में रातोंरात कहां गायब हुई रोडवेज बस? सुबह 3 किमी दूर लावारिस हालत में मिली
मामले में सामने आए वीडियो बयान में मां ने रोते हुए अपनी परेशानी बताई। उसका आरोप है कि जब वह बेटी के बारे में पूछने युवक के घर पहुंची, तो वहां मौजूद उसकी मां और बहन ने उसके साथ मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया। महिला का दावा है कि उसे बेटी वापस नहीं देने की बात भी कही गई। परिवार का कहना है कि घर के पुरुष सदस्य मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं। ऐसे में मां को अपनी और बेटी की सुरक्षा की चिंता सता रही है। उसने पुलिस अधीक्षक से बेटी को तलाशने और मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि वे पहले दिन खखरेरू थाने पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने यह भी दावा किया कि दोबारा थाने जाने पर पुलिसकर्मियों ने गाड़ी और खर्च के नाम पर पैसे मांगे। ये आरोप फिलहाल परिवार के बयान पर आधारित हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। रात के समय कुछ महिलाएं हाथों में शिकायत पत्र लेकर थाने के गेट पर न्याय की गुहार लगाती भी दिखाई दीं।
ये भी पढ़ें- Firing in Punjab: एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या, पंजाब के मनसा में सनसनी
इस मामले पर खखरेरू थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि महिला को थाने से भगाया नहीं गया है। उनके मुताबिक, युवती बालिग है और अपनी मर्जी से युवक के साथ गई है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि युवती ने युवक से शादी कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।
Location : Fatehpur
Published : 13 October 2026, 1:04 PM IST