तमिलनाडु में ‘विजय’ युग का आगाज, आज शपथ लेंगे TVK प्रमुख; बहुमत परीक्षण 13 को

आज तमिलनाडु की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। अभिनेता से राजनेता बने दलपति विजय चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विजय के समर्थक खासे उत्साहित है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 May 2026, 8:21 AM IST

Tamil Nadu CM Oath: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया इतिहास रचा जाने जा रहा है। अभिनेता से नेता बने दलपति विजय आज चेन्नई के नेहरू स्टेडियम (Nehru Stadium) में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनकी पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (TVK) ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस, वीसीके और वामदलों के समर्थन से पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा 118 के पार पहुंचा लिया है। विजय के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है।

पहले चुनाव में बड़ी जीत

तमिलगा वेत्री कझगम ने पहली बार विधानसभा चुनाव मैदान में उतरकर सभी राजनीतिक दलों को चौंका दिया। अभिनेता विजय की लोकप्रियता और युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ का असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दिया। पार्टी ने 108 सीटें जीतकर तमिलनाडु की राजनीति में खुद को मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित कर लिया। सहयोगी दलों के समर्थन के बाद सरकार बनाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।

नेहरू स्टेडियम में होगा भव्य शपथ ग्रहण

चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाला शपथ ग्रहण समारोह बेहद भव्य होने जा रहा है। कार्यक्रम में देशभर के कई बड़े राजनीतिक नेता और फिल्म जगत की हस्तियां शामिल हो सकती हैं। समारोह को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। विजय के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग चेन्नई पहुंच रहे हैं।

राहुल गांधी भी होंगे शामिल

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली से चेन्नई रवाना हो चुके हैं। कांग्रेस ने विजय सरकार को समर्थन दिया है और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी की मौजूदगी को विपक्षी एकजुटता के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

मणिकम टैगोर ने दी शुभकामनाएं

कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने विजय को मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु बदलाव और नई उम्मीद की ओर बढ़ रहा है। टैगोर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राज्य की जनता सामाजिक न्याय, समानता, विकास और मानवीय शासन की उम्मीद कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि विजय के नेतृत्व में पारदर्शी और जनता केंद्रित प्रशासन स्थापित होगा।

Tamil Nadu CM Oath Ceremony: तमिलनाडु में CM पद पर TVK चीफ विजय की ताजपोशी कल, जानिये कैसे सुलझी सियासी पहेली

विजय के आवास पर पहुंचे सेंगोट्टयन

शपथ ग्रहण से पहले नवनिर्वाचित विधायक केए सेंगोट्टयन विजय के आवास पहुंचे। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि वे विजय की नई कैबिनेट में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस मुलाकात को मंत्रिमंडल गठन की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Location :  Chennai

Published :  10 May 2026, 8:21 AM IST