
कंपनी ने प्रशासन को दिए पैसे, फिर क्यों नहीं मिला मुआवजा? (Source:X)
Bulandshahr: तीन बार विधायक रहे बीजेपी के पूर्व नेता हरपाल सिंह को अपनी ही जमीन के मुआवजे के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मामला खुर्जा क्षेत्र में टीएचडीसी पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित की गई जमीन से जुड़ा है। पूर्व विधायक का दावा है कि उनकी जमीन के बदले मिलने वाले करीब 85 लाख रुपये का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। हैरानी की बात यह है कि उनके मुताबिक कंपनी मुआवजे की रकम प्रशासन को दे चुकी है और वह इस मामले में कोर्ट से भी मुकदमा जीत चुके हैं। इसके बावजूद भुगतान अटका हुआ है।
खुर्जा से तीन बार विधायक रह चुके हरपाल सिंह का कहना है कि टीएचडीसी पावर प्लांट के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित की गई थी। इसके बदले करीब 85 लाख रुपये का मुआवजा मिलना है। पूर्व विधायक का आरोप है कि कंपनी की ओर से मुआवजे की रकम पहले ही प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही के कारण उन्हें अब तक भुगतान नहीं मिला।
हरपाल सिंह के मुताबिक, वह लंबे समय से इस मामले को लेकर अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। कई बार गुहार लगाने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
पूर्व विधायक का कहना है कि जब अधिकारियों के स्तर पर सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। वहां से भी उन्हें जीत मिली, लेकिन इसके बावजूद मुआवजे की रकम उनके खाते तक नहीं पहुंची। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब कंपनी रकम जमा कर चुकी है और अदालत से भी फैसला उनके पक्ष में आ चुका है, तो भुगतान में देरी क्यों हो रही है?
हरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि इस मामले में किसी विधायक या मंत्री ने उनकी मदद नहीं की। उन्होंने बताया कि वह मंत्री सुरेश खन्ना से भी मिले थे। इस मामले में मंत्री की ओर से प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा गया, लेकिन इसके बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली।
मुजफ्फरनगर में फार्मासिस्टों का बड़ा ऐलान, 18 मांगों पर नहीं हुई सुनवाई तो तेज होगा आंदोलन
करीब 85 लाख रुपये के मुआवजे का मामला अब भी लंबित है। पूर्व विधायक लगातार भुगतान की मांग कर रहे हैं। वहीं, इस मामले में एडीएम प्रशासन ने उन्हें भुगतान के संबंध में आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि लंबे समय से अटकी यह रकम कब तक पूर्व विधायक को मिल पाती है।
Location : Bulandshahr
Published : 14 November 2026, 11:05 AM IST