
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में नानी और सात वर्षीय मासूम धेवते की सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी अजीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतका न्याज्बानो पर गलत नजर रखता था और उससे अवैध संबंध बनाना चाहता था। विरोध करने पर उसने पहले महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात का चश्मदीद बन जाने पर सात साल के मासूम को भी मौत के घाट उतार दिया।
मामला बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला का है। यहां 13 नवंबर की रात न्याज्बानो और उसके सात वर्षीय नाती की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। घटना का पता उस समय चला, जब मृतका की बेटी हिना चाय लेकर घर पहुंची। वहां चारपाई पर उसका मासूम बेटा मृत अवस्था में पड़ा था। कमरे के अंदर जाकर देखा तो न्याज्बानो की लाश भी पड़ी हुई थी।
एक ही घर में दो लोगों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस को किसी करीबी व्यक्ति पर शक हुआ।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी अजीम, मृतका की बेटी हिना का चचेरा देवर था। वह न्याज्बानो पर गलत नजर रखता था। पुलिस के अनुसार, न्याज्बानो के हंसी-मजाक करने के स्वभाव को अजीम ने गलत तरीके से समझ लिया था। उसे भ्रम हो गया था कि महिला उससे प्यार करती है और अवैध संबंध बनाने के लिए तैयार है।
बताया गया कि न्याज्बानो दिल्ली से वापस लौटी थी। इसके बाद आरोपी अजीम उसके घर पहुंच गया। देर रात तक दोनों के बीच बातचीत और हंसी-मजाक होता रहा। इसी दौरान अजीम ने महिला के साथ अवैध संबंध बनाने की कोशिश की, जिसका न्याज्बानो ने विरोध किया।
पुलिस के मुताबिक, महिला के विरोध से नाराज होकर अजीम ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी दौरान कमरे में सो रहा सात वर्षीय मासूम जाग गया। उसने पूरी वारदात देख ली थी। राज खुलने के डर से आरोपी ने मासूम की भी गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
दोहरी हत्या के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान मिली कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपी अजीम तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मीडिया ब्रीफिंग कर दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया। घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी अजीम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Location : Budaun
Published : 24 November 2026, 3:23 PM IST
Topics : Badaun double murder Badaun homicide case Badaun Crime News murder of a grandmother and her grandson