25 साल के तुषार शर्मा की कनाडा में हत्या? जली हुई कार में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

कनाडा में 25 वर्षीय भारतीय युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जली हुई कार के अंदर मिले शव के बाद पुलिस को सुनियोजित हत्या का शक है। आखिर तुषार शर्मा के साथ क्या हुआ था?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 11:42 AM IST

नई दिल्ली: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक भारतीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 25 वर्षीय तुषार शर्मा का शव जली हुई कार के अंदर मिला। वह कनाडा के सरे इलाके में रहते थे। मामले की जांच कर रही पुलिस को शुरुआती जांच में यह सुनियोजित हत्या यानी टारगेटेड किलिंग का मामला लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से कार में आग लगाई गई। हालांकि, हत्या की वजह और संदिग्धों के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

जली हुई कार के अंदर मिले मानव अवशेष

जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में रॉलिंसन क्रिसेंट के 23300 ब्लॉक में एक गाड़ी में आग लगने की सूचना इमरजेंसी सर्विस को मिली थी। सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया।

इसी दौरान कार के अंदर मानव अवशेष दिखाई दिए। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या की जांच करने वाली इकाई इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने जांच की जिम्मेदारी संभाल ली। बाद में मृतक की पहचान 25 वर्षीय भारतीय नागरिक तुषार शर्मा के रूप में हुई, जो सरे के रहने वाले थे।

पुलिस को टारगेटेड किलिंग का शक

जांचकर्ताओं के मुताबिक, तुषार शर्मा का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और कनाडा में उनके सीमित संपर्क थे। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है।

हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस तुषार की मौत से पहले की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। IHIT की प्रवक्ता सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने बताया कि जांच टीम कनाडा और विदेशों में रह रहे तुषार के परिवार के सदस्यों और परिचितों से पूछताछ कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या के मकसद या किसी संदिग्ध की पहचान को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने जताया दुख

कनाडा के वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने तुषार शर्मा की मौत पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली में 25 वर्षीय भारतीय नागरिक तुषार शर्मा की दुखद मौत से वह बेहद दुखी है।

दूतावास ने यह भी बताया कि वह मृतक के परिजनों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के संपर्क में है और पूरे मामले पर बारीकी से नजर रख रहा है।

पुलिस ने लोगों से मांगी जानकारी

कनाडाई पुलिस ने आम लोगों से तुषार शर्मा की हत्या से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। पुलिस खासतौर पर 29 अक्टूबर से पहले तुषार की गतिविधियों, उनके ठिकानों और संपर्कों से जुड़ी जानकारी जुटाना चाहती है।

जांच एजेंसी का मानना है कि आम लोगों से मिलने वाली जानकारी घटना की परिस्थितियों को समझने और हत्या के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने में मदद कर सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Location :  New Delhi

Published :  19 November 2026, 11:42 AM IST