भारतीय शेयर बाजार मजबूत शुरुआत के साथ खुला। सेंसेक्स 82,943 और निफ्टी 25,786 पर पहुंचा। वहीं IDFC First Bank के शेयर ₹590 करोड़ के कथित फर्जीवाड़े के बाद 10% गिर गए। जानिए पूरा अपडेट।

भारतीय शेयर बाजार (Img source: google)
New Delhi: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच BSE Sensex 128.29 अंकों की बढ़त के साथ 82,943.00 पर खुला, जो 0.15% की तेजी दर्शाता है। वहीं Nifty 50 215.20 अंक या 0.84% चढ़कर 25,786.45 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 25,650 के ऊपर ट्रेड करता दिखा, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत नजर आया।
शेयर बाजार की तेजी के साथ भारतीय मुद्रा में भी सुधार देखने को मिला। सोमवार को रुपया 22 पैसे मजबूत होकर 90.76 प्रति डॉलर पर खुला, जबकि शुक्रवार को यह 90.98 पर बंद हुआ था। डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती से आयात-आधारित कंपनियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बाजार की तेजी के बीच IDFC First Bank के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई। बैंक ने हरियाणा सरकार से जुड़े खातों में ₹590 करोड़ की अनधिकृत और कथित धोखाधड़ी गतिविधियों की जानकारी दी है। मामला चंडीगढ़ स्थित एक शाखा से जुड़ा बताया जा रहा है। बैंक ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बैंक ने स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच के लिए KPMG को नियुक्त किया है।
Share Market में बढ़त के साथ शुरुआत, आईटी शेयरों ने संभाला मोर्चा; इंफ्रा सेक्टर में भी हलचल
घोटाले की खबर सामने आते ही IDFC First Bank का शेयर करीब 9.99% गिरकर ₹75.21 पर आ गया। यह स्तर दिन का इंट्राडे हाई और लो दोनों रहा। बाजार में 1.71 करोड़ से अधिक शेयरों के सेल ऑर्डर लंबित रहे, जबकि खरीदार नजर नहीं आए। ट्रेडिंग वॉल्यूम 1,90,391 शेयर रहा, जो पिछले पांच दिन के औसत 10,81,270 शेयरों से 82.39% कम है। यह आंकड़े निवेशकों के बीच घबराहट का संकेत देते हैं।
Share Market Today: सेंसेक्स-निफ्टी ने हरे निशान पर की शुरुआत, कारोबार में दिखा उतार-चढ़ाव
पिछले कारोबारी सत्र में यह शेयर ₹83.56 पर बंद हुआ था, जिसमें 0.72% की बढ़त दर्ज हुई थी। 52 सप्ताह का उच्च स्तर: ₹87 (2 जनवरी 2026), 52 सप्ताह का निम्न स्तर: ₹52.50 (7 अप्रैल 2025) वर्तमान में शेयर अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर से 13.55% नीचे और निचले स्तर से 43.26% ऊपर कारोबार कर रहा है। बैंक का कुल बाजार पूंजीकरण ₹64,674.52 करोड़ है।