Gold-Silver Rate Today: सोना हुआ महंगा, चांदी में आई गिरावट; देखें आज के बंद भाव

दिल्ली सर्राफा बाजार में आज मिला-जुला रुख रहा। जहां चांदी 5,000 रुपये टूटकर 2,66,000 रुपये प्रति किलो पर आ गई, वहीं 24K सोना 1,300 रुपये चढ़कर 1,64,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसके उलट, MCX वायदा बाजार में सोना (₹1,60,001) और चांदी (₹2,74,500) दोनों बढ़त के साथ ट्रेड करते दिखे।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 21 May 2026, 9:38 AM IST

New Delhi: भारतीय सर्राफा बाजार और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज 21 मई 2026 को सोने और चांदी की कीमतों में मिला-जुला और बेहद दिलचस्प रुख देखने को मिला। जहां एक तरफ दिल्ली के हाजिर बाजार में चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई।  वहीं दूसरी तरफ सोने की चमक और बढ़ गई है। हालांकि, MCX पर दोनों ही कीमती धातुएं बढ़त के साथ कारोबार करती दिखीं। आइए जानते हैं आज के ताजा भाव और बाजार की स्थिति:

दिल्ली सर्राफा बाजार: सोना चमका, चांदी हुई धड़ाम

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के आंकड़ों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हाजिर बाजार में चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे सत्र में बड़ी गिरावट आई। चांदी का भाव 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम लुढ़ककर 2,66,000 रुपये (सभी टैक्स सहित) पर आ गया, जो पिछले सत्र में 2,71,000 रुपये था।

इसके ठीक उलट, 24-कैरेट सोने की कीमतों में 1,300 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल देखा गया। इसके साथ ही दिल्ली में सोना 1,64,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, जबकि मंगलवार को इसका बंद भाव 1,63,600 रुपये था।

MCX और IBJA पर क्या रहे दाम?

वायदा बाजार (MCX) की बात करें, तो यहां दोनों धातुओं में तेजी का माहौल रहा।

  • MCX चांदी: जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 4,381 रुपये (1.62%) की शानदार तेजी के साथ 2,74,500 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी।

  • MCX सोना: सोना भी 921 रुपये की बढ़त के साथ 1,60,001 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

वहीं, इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक (बिना 3% GST और मेकिंग चार्ज के) भाव इस प्रकार रहे:

  • 24-कैरेट सोना: 1,58,560 रुपये प्रति 10 ग्राम

  • 22-कैरेट सोना: 1,54,750 रुपये प्रति 10 ग्राम

  • गुडरिटर्न्स के अनुसार, बीते सत्र में 24-कैरेट सोना 1,58,350 रुपये और चांदी 2,80,000 रुपये प्रति किलो पर दर्ज की गई थी।

बाजार विशेषज्ञों और कारोबारियों की राय

सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और डॉलर के मजबूत होने के बावजूद, घरेलू बाजार में नई खरीदारी (Fresh Buying) आने से सोने की कीमतों को मजबूत सपोर्ट मिला है।

दूसरी ओर, चांदी में आई गिरावट पर विश्लेषकों का कहना है कि कमजोर औद्योगिक मांग (Industrial Demand) और हाल ही में कीमतों में आए भारी उतार-चढ़ाव के बाद निवेशकों द्वारा लगातार की जा रही मुनाफावसूली (Profit Booking) के कारण चांदी की कीमतें अस्थिर बनी हुई हैं।

पेट्रोल-डीजल के नए दाम जारी: दिल्ली-बेंगलुरु में शांति, चेन्नई में गिरे दाम, जानिए नोएडा-तिरुवनंतपुरम के ताजे रेट

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल

वैश्विक स्तर पर भी कीमती धातुओं में मजबूती का रुख देखा गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,483.54 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि अंतरराष्ट्रीय चांदी दो फीसदी से अधिक की छलांग लगाकर 75.42 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

Location :  New Delhi

Published :  21 May 2026, 9:36 AM IST