देश में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। एक हफ्ते में सोना 13,690 रुपये तक सस्ता हो गया है। वैश्विक कारणों और डॉलर की मजबूती से बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है।

गोल्ड- सिल्वर में बड़ी गिरावट (Img- Internet)
New Delhi: देश में सोने की कीमतों में वीकली बेसिस पर जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों और आम लोगों के बीच हलचल मच गई है। एक सप्ताह के भीतर 24 कैरेट सोना 13,690 रुपये तक सस्ता हो गया है, जबकि 22 कैरेट सोने के भाव में 12,550 रुपये की गिरावट आई है।
22 मार्च को राजधानी नई दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,46,120 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई, जबकि 22 कैरेट सोना 1,33,950 रुपये पर पहुंच गया। वहीं मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,45,970 रुपये और 22 कैरेट 1,33,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। इसके अलावा लखनऊ, जयपुर और चंडीगढ़ जैसे शहरों में भी सोने की कीमतें लगभग समान स्तर पर बनी हुई हैं।
20 मार्च को दिल्ली के सराफा बाजार में सोने की कीमत 650 रुपये यानी 0.42% टूटकर 1,52,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई थी। लगातार गिरावट के चलते बाजार में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है और खरीदार इंतजार की रणनीति अपना रहे हैं।
सोने-चांदी की कीमत में लगातार गिरावट, निवेशकों में बढ़ी चिंता; जानिये अब कितना हुआ रेट
विशेषज्ञों के अनुसार, बढ़ती महंगाई की चिंताएं, केंद्रीय बैंकों का सख्त रुख और पॉलिसी रेट्स में संभावित बढ़ोतरी सोने की कीमतों पर दबाव बना रही हैं। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और डॉलर की मजबूती भी सोने की कीमतों को नीचे खींच रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 4,663.54 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जो बाजार में दबाव की स्थिति को दर्शाता है।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली है। वीकली बेसिस पर चांदी का भाव करीब 30,000 रुपये तक नीचे आ गया है। 22 मार्च की सुबह चांदी की कीमत 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर दर्ज की गई।
हालांकि 20 मार्च को दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी 1,800 रुपये बढ़कर 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी।
विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा समय में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और डॉलर की मजबूती के चलते निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।