UPSC 2025: पक्षाल सेक्रेटरी को मिली 8 वीं रैंक, छोटे कस्बे के युवा ने हासिल किया ऊंचा मुकाम

जीवन में यदि ऊंची सफलता हासिल करनी हो तो इसका कोई फर्क नहीं पड़ता है कि आप किसी छोटे कस्बे के रहने वाले हैं या फिर किसी बड़े शहर में रहते हैं। आपकी कड़ी मेहनत और लगन आपके हौसलों को उड़ान देती है। मध्य प्रदेश के एक कस्बे के निवासी पक्षाल सेक्रेटरी ने भी यही कर दिखाया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 March 2026, 8:55 PM IST

UPSC CSE 2025: छोटे कस्बों से भी प्रतिभाएं निकल सकती हैं। यहां से निकले युवा भी जीवन में ऊंचे मुकाम हासिल कर सकते हैं। मध्य प्रदेश के निवासी पक्षाल सेक्रेटरी ने यह बात साबित की है। पक्षाल ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (UPSC CSE 2025) में ऑल इंडिया 8 वीं रैंक हासिल की। रिजल्ट आने के बाद से ही उनके घर में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें बधाई देने आ रहे हैं। परिवार वालों ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं।

पारिवारिक पृष्ठभूमि

पक्षाल सेक्रेटरी के पिता निलेश जैन कपड़ा व्यवसायी हैं, जबकि माता दीप्ति जैन गृहिणी हैं। परिजनों का कहना है कि पक्षाल बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और उन्होंने कड़ी मेहनत व लगन से यह मुकाम हासिल किया है।

सफलता पर क्या बोले पक्षाल

सफलता मिलने के बाद पक्षाल सेक्रेटरी ने कहा कि उनके माता-पिता का आशीर्वाद और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण उनकी प्रेरणा रही है।

कहां के छात्र रहे

पक्षाल ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बाग के महेश मेमोरियल स्कूल से की। आगे की पढ़ाई के लिए वे इंदौर चले गए। बाद में उन्होंने आईआईटी कानपुर से फाइनेंस में पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी। साल 2022-23 के आसपास दिल्ली चले आए और यहीं रहकर यूपीएससी की तैयारी की। इस दौरान उन्होंने कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया। वे दिनभर लाइब्रेरी में रहकर पढ़ाई करते थे।

UPSC Mains Result 2025: कौन हैं राघव झुनझनवाला जिन्होंने टॉप टेन में मारी बाजी, हासिल की ये रैंक

तीसरे प्रयास में मिली सफलता

पक्षाल को पहले प्रयास में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) मिलने की संभावना थी, लेकिन उनका लक्ष्य आईएएस बनना था, इसलिए उन्होंने तैयारी जारी रखी। इसके बाद वे दूसरे प्रयास में प्रीलिम्स में ही रह गए, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 8 प्राप्त की। पक्षाल जैन की इस सफलता से बाग सहित पूरे क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा मिली है कि छोटे कस्बों से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।

Location : 
  • Madhya Pradesh

Published : 
  • 6 March 2026, 8:55 PM IST