Ola Electric का बड़ा दांव: पांच साल बाद बदला बिजनेस मॉडल, अब डीलरशिप के जरिए बिकेंगे स्कूटर और बाइक

ओला इलेक्ट्रिक ने अपने पांच साल पुराने बिजनेस मॉडल को बदलते हुए डीलरशिप नेटवर्क शुरू करने का बड़ा ऐलान किया है। अब स्थानीय डीलर्स स्कूटर, बाइक और एनर्जी प्रोडक्ट्स बेचेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 August 2026, 2:22 PM IST

New Delhi: ओला इलेक्ट्रिक ने अपने कारोबार के तरीके में एक बहुत बड़ा बदलाव किया है। पिछले पांच साल से जो स्कूटर और बाइक सीधे कंपनी के स्टोर्स से बिकते थे, अब उन्हें बाजार के डीलर बेचेंगे। यानी अब आप अपने नजदीकी शोरूम या डीलर के पास जाकर भी ओला के वाहन खरीद सकेंगे।

सीईओ भाविश अग्रवाल का नया दांव

ओला के संस्थापक और सीईओ भाविश अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए इस बड़े बदलाव की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अब कंपनी के पुराने स्टोर्स सिर्फ गाड़ियां दिखाने और उनके अनुभव (एक्सपीरियंस सेंटर) के लिए उपयोग होंगे। जबकि असली बिक्री, सर्विस और नेटवर्क को फैलाने का जिम्मा अब स्थानीय डीलर्स संभालेंगे।

IRCTC Sapta Jyotirlinga Yatra: अब एक सफर में होंगे 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन… जानिये भारतीय रेलवे का खास महायात्रा प्लान

शुरुआती पांच साल डायरेक्ट बेचने की जरूरत क्यों थी?

भाविश अग्रवाल के मुताबिक, जब ओला बाजार में आई थी तब इलेक्ट्रिक गाड़ियों का दौर नया-न नया था। उस समय लोगों को जागरूक करने और ब्रांड को मजबूत बनाने के लिए कंपनी खुद ही सीधे ग्राहकों को गाड़ियां बेचती थी। इस रणनीति की बदौलत कंपनी आज भारत में 10 लाख से ज्यादा ग्राहकों का सबसे बड़ा बेस तैयार करने में कामयाब रही है।

अब क्यों पड़ी डीलर्स की जरूरत?

अब समय बदल चुका है। भारत में लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियों को खुलकर अपनाने लगे हैं और यह बाजार अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में हर शहर की अपनी स्थानीय जरूरतें और पसंद होती हैं, जिसे स्थानीय डीलर कंपनी से ज्यादा बेहतर तरीके से समझ और संभाल सकते हैं।

तजुर्बेकार बीवीआर सुब्बू को फिर से जोड़ा

इस नई व्यवस्था को जमीन पर ठीक से उतारने के लिए ओला ने ह्यूंदै इंडिया के पूर्व अध्यक्ष और अपने पुराने बोर्ड मेंबर बीवीआर सुब्बू को दोबारा साथ जोड़ा है। ऑटोमोबाइल सेक्टर के इस दिग्गज के पास लंबा अनुभव है, जो ओला की इस नई डीलरशिप योजना को सही दिशा में आगे बढ़ाएंगे।

क्या अब Google Pay और PhonePe से पेमेंट करने पर लगेगा चार्ज? जानिए 2026 के नए टैक्स बिल का सच

त्योहारी सीजन से पहले नेटवर्क तैयार होने की उम्मीद

ओला का यह नया डीलरशिप नेटवर्क कंपनी के सभी उत्पादों जैसे- स्कूटर, मोटरसाइकिल और एनर्जी प्रोडक्ट्स की बिक्री और उनकी सर्विस का काम देखेगा। कंपनी के अनुसार, पिछले एक महीने में देश के कई बड़े डीलरों से बात हुई है और उन्होंने इसमें बहुत दिलचस्पी दिखाई है। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले त्योहारी सीजन से पहले ही देश भर में डीलरशिप का एक मजबूत नेटवर्क तैयार हो जाएगा।

 

Location :  New Delhi

Published :  7 August 2026, 2:22 PM IST