Maharajganj: स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव, मरीजों को अब नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार

महाराजगंज के लक्ष्मीपुर CHC में ट्रूनॉट मशीन शुरू होने से अब टीबी की जांच एक घंटे में संभव हो गई है। यह सुविधा मुफ्त होने से ग्रामीण मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। लक्ष्मीपुर सीएचसी में ट्रूनॉट मशीन का शुभारंभ अधीक्षक अरुण गुप्ता ने बटन दबाकर किया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 March 2026, 8:06 PM IST

Maharajganj: लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब टीबी जैसी खतरनाक बीमारी की पहचान पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो गई है। सोमवार को यहां ट्रूनॉट मशीन की शुरुआत होते ही स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिला। अब मरीजों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा क्योंकि इस मशीन के जरिए महज एक घंटे के भीतर टीबी की जांच रिपोर्ट सामने आ जाएगी। इस नई सुविधा से इलाके के दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा फायदा मिलने वाला है। जिससे समय रहते बीमारी का इलाज शुरू हो सकेगा।

क्या है ट्रूनॉट मशीन और कैसे करती है काम

ट्रूनॉट मशीन एक पोर्टेबल और बैटरी से चलने वाली आधुनिक जांच प्रणाली है, जो चिप-आधारित तकनीक पर काम करती है। यह पीसीआर तकनीक का छोटा और तेज़ रूप है, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा भी मान्यता दी गई है। इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह कम समय में सटीक परिणाम देती है और टीबी के अलावा अन्य बीमारियों की जांच में भी उपयोगी साबित हो सकती है।

अब सरकारी अस्पताल में फ्री सुविधा

अब तक टीबी की इस तरह की जांच प्राइवेट अस्पतालों में हजारों रुपये खर्च कराकर करानी पड़ती थी, जिससे गरीब और ग्रामीण मरीजों को काफी परेशानी होती थी। लेकिन अब लक्ष्मीपुर के इस सरकारी अस्पताल में यह सुविधा बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।

महाराजगंज में सड़क पर चीखती रही महिला, टूट पड़ा दबंग युवक, CCTV ने खोल दिया राज

पहले ही दिन मिला टीबी का पॉजिटिव केस

सीएचसी अधीक्षक अरुण गुप्ता ने बताया कि मशीन की शुरुआत के साथ ही जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले ही दिन इस मशीन से एक टीबी पॉजिटिव मरीज की पहचान भी हुई है। उन्होंने बताया कि मरीज को जरूरी दवाएं दी जाएंगी और करीब छह महीने के नियमित इलाज के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है।

टीबी के लक्षण और समय पर इलाज की अहमियत

टीबी एक संक्रामक बीमारी है, जो माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरक्लोसिस नामक बैक्टीरिया से फैलती है। यह बीमारी हवा के जरिए एक व्यक्ति से दूसरे में फैल सकती है और मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है। इसके लक्षणों में लगातार खांसी, बलगम, बुखार, थकान, वजन कम होना और रात में पसीना आना शामिल हैं। पहले जहां इसकी पुष्टि में समय लगता था। वहीं अब इस मशीन के जरिए जल्दी जांच होने से इलाज भी समय पर शुरू हो सकेगा।

बटन दबाकर हुआ मशीन का शुभारंभ

लक्ष्मीपुर सीएचसी में ट्रूनॉट मशीन का शुभारंभ अधीक्षक अरुण गुप्ता ने बटन दबाकर किया। इस मौके पर फार्मासिस्ट आदित्य त्रिपाठी, एसटीएलएफ अशोक उपलाध्याय, एलटी आलमगीर और दुर्गेश समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सभी ने इस सुविधा को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 23 March 2026, 8:06 PM IST