
मृतक इंस्पेक्टर का फाइल फोटो
Jalaun: जिले के कुठौंद थाने में तैनात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने शुक्रवार देर रात अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली सिर में बहुत करीब से चलाई गई, जो पार हो गई। गोली की तेज आवाज सुनते ही थाने के पुलिसकर्मी उनके सरकारी क्वार्टर की ओर दौड़े। दरवाजा खोलने पर देखा कि इंस्पेक्टर खून से लथपथ जमीन पर पड़े हैं और पास ही उनकी सर्विस रिवॉल्वर पड़ी है।
घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखकर उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन रात करीब 11:15 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना ने पूरे पुलिस महकमे को स्तब्ध कर दिया है।
यह मामला उरई मुख्यालय से लगभग 51 किलोमीटर दूर कुठौंद थाना परिसर स्थित आवास का है। इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले थे और 2023 में इंस्पेक्टर पद पर प्रमोट हुए थे। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि आत्महत्या का कारण फिलहाल साफ नहीं है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
सुसाइड से पहले क्या-क्या किया?
हमराही पुलिसकर्मियों के अनुसार, इंस्पेक्टर शुक्रवार शाम काफी सामान्य और शांत दिखाई दे रहे थे। वे शाम को थाने के पास चल रहे पांच कुंडीय महायज्ञ के भंडारे में शामिल हुए, जहां उन्हें सम्मानित भी किया गया। इसके बाद वे जालौनी माता मंदिर के पुजारी सर्वेश महाराज की बेटी की शादी में गए और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इसके बाद कस्बे में पेट्रोलिंग की और रात करीब 9 बजे अपने सरकारी आवास पर लौट आए।
करीब 9:30 बजे उनके आवास से अचानक गोली चलने की आवाज आई। स्टाफ मौके पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, जिसे खोलते ही उन्हें खून से लथपथ पड़े देखा गया। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी, एडिशनल एसपी प्रदीप कुमार वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना परिसर और आवास के कमरे की फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गोली नजदीक से चलाई गई है, लेकिन यह आत्महत्या है या किसी और कारणवश घटना हुई है, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय का पुलिस करियर
Location : Jalaun
Published : 6 December 2025, 2:38 AM IST
Topics : Crime in Jalaun jalaun News Jalaun Police