जिला महिला अस्पताल पहुंचीं अपर्णा यादव, सीएम नीतीश और मंत्री संजय निषाद के खिलाफ बोल दी ये बड़ी बात

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने बाराबंकी जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रसूताओं से बातचीत की, कन्या जन्म वाले परिवारों को कंबल वितरित किए और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही हिजाब प्रकरण और संजय निषाद की टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 December 2025, 6:34 PM IST

Barabanki: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव बुधवार को बाराबंकी पहुंची। जहां उन्होंने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं से बातचीत कर उन्हें दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपर्णा यादव ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि महिलाओं को बेहतर, संवेदनशील और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का सन्देश

निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने उन परिवारों से विशेष रूप से मुलाकात की, जिनके यहां कन्या का जन्म हुआ था। उन्होंने ऐसे परिवारों को कंबल वितरित किए और बेटियों के जन्म पर बधाई दी। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना और मातृत्व से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

महिलाओं के मुद्दे पर की बात

इस अवसर पर अपर्णा यादव ने कहा कि महिलाओं को न केवल बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की भी पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाली हर महिला तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला लाभ से वंचित न रहे।

संजय निषाद की टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज

जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद अपर्णा यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हिजाब से जुड़े मामले और मंत्री संजय निषाद की टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला की गरिमा, उसके पहनावे, धर्म या जाति को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करने का अधिकार किसी को नहीं है। चाहे व्यक्ति कितना ही बड़े पद पर क्यों न बैठा हो, उसे मर्यादा का पालन करना चाहिए।

नीतीश कुमार और संजय निषाद का बयान दोनों ही निंदनीय

महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार द्वारा किया गया कृत्य और संजय निषाद का बयान दोनों ही निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में बैठे नेताओं को अपने शब्दों और व्यवहार पर विशेष संयम रखना चाहिए, क्योंकि उनके बयान समाज पर गहरा प्रभाव डालते हैं। इस तरह की टिप्पणियां महिलाओं के सम्मान और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाती हैं, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

अपर्णा यादव ने कहा- दोनों नेताओं को मांगनी चाहिए माफ़ी

अपर्णा यादव ने मांग की कि इस मामले में नीतीश कुमार और संजय निषाद दोनों को तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आयोग महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़े किसी भी मामले में सख्त रुख अपनाएगा। यदि भविष्य में इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं तो आयोग आवश्यक कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने दोहराया कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपर्णा यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर हिजाब और महिलाओं की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा तेज हो गई है। उनके बयान को महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में एक मजबूत आवाज के रूप में देखा जा रहा है।

Location : 
  • Barabanki

Published : 
  • 17 December 2025, 6:34 PM IST