
महराजगंज: जिले में सांसद पंकज चौधरी के गुट को क्या विधायक प्रेम सागर पटेल की बादशाहत से खतरा है? यदि नहीं तो फिर क्यों हर बार की तरह एक बार फिर संगठन के कार्यक्रम से पटेल की फोटो उड़ा दी गयी। यह सवाल हर निष्ठावान भाजपाई एक-दूसरे से परतावल में पूछ रहा था लेकिन इसका जवाब कोई देने वाला नहीं।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम सिसवा के विधायक ने लिया था। उन्हें अपने एक कालेज के उद्घाटन के लिए पटेल ने महराजगंज बुलाया था। कार्यक्रम तय होने के बाद दूसरे गुट ने नगर की बजाय परतावल कस्बे में कार्यकर्ता सम्मान समारोह के नाम पर एक दूसरा कार्यक्रम रखवा दिया। इसमें लगे पोस्टरों से जिला संगठन ने प्रेम सागर को उड़ा दिया।
मौर्य का पहला कार्यक्रम परतावल में था, यहां कार्यक्रम समाप्त करने के बाद वे महराजगंज में पटेल के कार्यक्रम में भाग लेने गये लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि एक ही पार्टी के होने का बावजूद सांसद पंकज चौधरी ने इस कार्यक्रम से दूरी बना ली और मौर्य के साथ महराजगंज नहीं पहुंचे इसे लेकर कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त कानाफूसी होती रही।
Published : 30 June 2019, 4:20 PM IST
Topics : केशव मौर्य गुटबाजी भाजपा महराजगंज योगी आदित्यनाथ विधायक सिसवा