
नई दिल्ली: झारखंड में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनावी सरगर्मियों से पहले की झारखंड (Jharkhan) की सियासत (Politics) को लेकर सियासी हलचल तेज हो चुकी है। झांरखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन (Champai-Sorens) को लेकर ये अटकलें जोर पकड़ती जा रही हैं कि वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इन सियासी अटकलों के बीच चंपई सोरेन को लेकर अब बड़ा अपडेट सामने आया है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक झांरखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने अबसे थोड़ी देर पहले अपने सोशल मीडिया एकाउंट “X” पर अपने बायो से ‘झारखंड मुक्ति मोर्चा’ (झामुमो) नाम हटा दिया है। झामुमो के साथ उनका लगभग 20 साल का राजनीतिक जीवन रहा है और सोशल प्रोफाइल से झामुमो का परिचय हटाने से साफ हो गया है कि वे पार्टी छोड़ चुके हैं और केवल इसका औपचारिक ऐलान बाकी रह गया है।
अब चंपई सोरेन के नए बायो पर सिर्फ झारखंड पूर्व मुख्यमंत्री लिखा हुआ है।
झामुमो बायो हटाने के बाद इन अटकलों को अब और भी बल मिल गया है कि झारखंड विधानसभा चुनाव से ठीक पहले चंपई सोरेन भाजपा में शामिल हो सकते हैं और नया सियासी सफर शुरू कर सकते हैं।
तमाम सियासी अटकलों के बीच चंपई सोरेन आज दोपहर को दिल्ली पहुंचे। हालांकि दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद चंपई सोरेन ने कहा कि उन्होंने भाजपा के किसी नेता से मुलाकात नहीं की है और वे राष्ट्रीय राजधानी में "निजी" दौरे पर आए हैं। लेकिन इसके कुछ देर बाद ही उन्होने सोशल मीडिया एक्स पर अपना बायो बदल दिया और झामुमो शब्द हटा दिया।
चंपई सोरेन झारखंड की राजनीति में एक बड़ा नाम माना जाता है। वे सात बार के विधायक हैं। 2005 से वो लगातार सरायकेला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
चंपई सोरेन ने बीते महीने जुलाई माह में ही झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था और हेमंत सोरेन एक बार फिर झारखंड के सीएम बन गए थे।
Published : 18 August 2024, 6:43 PM IST
Topics : Champai Soren Delhi Jharkhand Politics Political Activity चंपई सोरेन झारखंड दिल्ली पूर्व मुख्यमंत्री राजनीति