
वाशिंगटन: भारतीय सेना के प्रमुख जनरल मनोज पाण्डे ने अमेरिका के अपने समकक्ष जनरल रैंडी जॉर्ज और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय महत्व के मुद्दों और वैश्विक शांति व सुरक्षा के लिए परस्पर प्रतिबद्धता बढ़ाने के तरीकों पर उच्च स्तीय चर्चा की।
पाण्डे 13 फरवरी से अमेरिका की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह भारत के किसी सैन्य प्रमुख की कई वर्षों बाद अमेरिकी यात्रा है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार भारतीय सेना के अतिरिक्त जन सूचना महानिदेशालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चर्चा का उद्देश्य द्विपक्षीय महत्व के पहलुओं और वैश्विक शांति व सुरक्षा के प्रति आपसी प्रतिबद्धता को और बढ़ाना था।’’
जनरल पाण्डे ने अपनी आधिकारिक यात्रा पर फोर्ट मायर्स में पहुंचने पर अमेरिकी सेना के सलामी गारद का निरीक्षण किया और उसके बाद अर्लिंगटन नेशनल सीमेट्री में ‘टोम्ब ऑफ अननॉन सोल्जर’ पर पुष्पांजलि अर्पित की।
आधिकारिक पोस्ट में कहा गया है कि इसके बाद उन्होंने अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज और सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ‘‘उच्च स्तरीय चर्चा’’ की।
यह भी पढ़ें: आतंकवाद विरोधी अभियान के बीच सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए जम्मू पहुंचे सेना प्रमुख
जनरल पाण्डे ने फोर्ट बेलवॉयर में आर्मी जियोस्पेशियल सेंटर का दौरा किया और फोर्ट मैकनायर में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष के साथ बातचीत की।
उन्होंने वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास का भी दौरा किया, उपराजदूत श्रीप्रिया रंगनाथन से मुलाकात की तथा महत्वपूर्ण पहलों पर चर्चा की।
Published : 15 February 2024, 3:20 PM IST
Topics : America General Manoj Pandey General Randy George US Counterpart अमेरिका जनरल मनोज पाण्डे जनरल रैंडी जॉर्ज भारतीय सेना वार्ता वाशिंगटन