New Delhi: दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर के रूप में केंद्र सरकार ने आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा (IPS officer Satish Golcha) को नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, वे मौजूदा पुलिस कमिश्नर एसबीके सिंह की जगह लेंगे। गोलचा वर्तमान में तिहाड़ जेल के महानिदेशक (DG) पद पर कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को लेकर कई गंभीर मुद्दे सामने आ रहे हैं। आइए जानते हैं सतीश गोलचा के बारे में पांच बड़ी बातें।
सतीश गोलचा AGMUT कैडर के 1992 बैच के आईपीएस (IPS) अधिकारी हैं। AGMUT कैडर में अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश आते हैं। इस कैडर से जुड़े होने के कारण उन्होंने अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पुलिस विभाग के कई पदों पर कार्य किया है।
गोलचा ने दिल्ली पुलिस में डीसीपी, ज्वाइंट कमिश्नर और स्पेशल कमिश्नर (Law and Order and Intelligence) जैसे बड़े-बड़े पद संभाले हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था और खुफिया विभाग की जिम्मेदारी निभाई है। उनकी यह सेवाएं दिल्ली पुलिस के विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों में बेहद प्रभावशाली रही हैं।
साल 2020 में जब उत्तर पूर्वी दिल्ली में दंगे हुए थे, तब सतीश गोलचा स्पेशल कमिश्नर (Law and Order) के पद पर थे। इस संवेदनशील दौर में उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांति बहाल करने में अहम भूमिका निभाई। उनका यह अनुभव राजधानी में हालात को समझने और नियंत्रण में रखने में सहायक होगा।
सतीश गोलचा अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) भी रह चुके हैं। डीजीपी के रूप में उन्होंने राज्य की पुलिस व्यवस्था और प्रशासन को बेहद ही बहतरीन तरीके से चलाया।
सतीश गोलचा हाल ही तक तिहाड़ जेल के महानिदेशक थे। तिहाड़ जेल जैसे बड़े और चुनौतीपूर्ण संस्थान का प्रबंधन कर चुके गोलचा अब दिल्ली पुलिस के मुखिया बन गए हैं। इस नई भूमिका में उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।
1992 बैच के IPS अधिकारी
दिल्ली पुलिस में अहम पदों पर कार्यभार
दिल्ली दंगों के दौरान स्पेशल कमिश्नर
अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी रह चुके हैं
तिहाड़ जेल के डीजी से दिल्ली पुलिस कमिश्नर तक

