
नई दिल्लीः आज सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। देवेंद्र फडणवीस की सरकार को कल यानी बुधवार शाम पांच बजे तक बहुमत साबित करना होगा। महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कराया जाएगा, जिसका लाइव प्रसारण होगा। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि विधायकों को शपथ प्रोटेम स्पीकर दिलाएगा, 27 नवंबर की शाम पांच बजे तक फ्लोर टेस्ट की प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए। इतना ही नहीं सुप्रीम कोर्ट संवैधानिक मुद्दों पर सुनवाई को 6 हफ्तों के बाद शुरू करेगा।
इस फैसले के बाद से ही महाराष्ट्र में हलचल तेज हो गई है। सारी पार्टियां बैठक कर रही हैं। इस दौरान एनसीपी भी एक बैठक कर रही है। अजित पवार ने एनसीपी नेताओं से मुलाकात की, जिसमें प्रफुल्ल पटेल, सुप्रिया सुले जैसे नेता शामिल रहे। प्रफुल्ल पटेल ने बैठक के बाद कहा है कि हमने इस्तीफा मांगा है, जिसपर अजित पवार ने जल्द जवाब देने को कहा है। अजित पवार से मिलने के बाद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि हमने उनसे इस्तीफा देने को कहा है, अजित पवार ने हमें कुछ समय में जवाब देने को कहा है।
Published : 26 November 2019, 12:14 PM IST