Site icon Hindi Dynamite News

Cyclone Jawad: तटीय क्षेत्रों से आज टकराएगा चक्रवात ‘जवाद’, कई राज्यों में दिखेगा असर, स्कूल-कॉलेज बंद, जानिये ताजा अपडेट

चक्रवात 'जवाद के आज आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है, जिसके चलते कई राज्यों में इसका असर देखने को मिलेगा। तमिलनाडु में भारी बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज बंद कर दिये गये हैं। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में जानिये ताजा अपडेट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Cyclone Jawad: तटीय क्षेत्रों से आज टकराएगा चक्रवात ‘जवाद’, कई राज्यों में दिखेगा असर, स्कूल-कॉलेज बंद, जानिये ताजा अपडेट

चेन्नई/ नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान जवाद (Cyclone Jawad) के रूप में बदल गया है। आज इस चक्रवात के ओडिशा- आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के तटों पर पहुंचने और टकराने की आशंका जताई गई है। इसका असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। चक्रवात तूफान 'जवाद' का असर तमिलनाडु में भी देखने को मिलेगा। बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश की संभावना है। 

चक्रवात तूफान जवाद की वजह से भारी बारिश के चलते तमिलनाडू में सभी स्कूल-कालेज को बंद कर दिया गया है। ये तूफान आज आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, जिसके चलते प्रशासन इस तूफान को लेकर अलर्ट हो गया है। आंध्र में भी सभी स्कूल- कालेज को बंद कर दिया गया है। वहीं ओडिशा में भी इस तूफान का असर देखने को मिलेगा। इसको ध्यान में रखते हुए समुद्र तट के पास रहने वाले लोगों को हटाया जा रहा है। पुलिस को भी तैनात किया गया है।

चक्रवाती तूफान जवाद को लेकर रेलवे भी एहतियात बरत रहा है। इन रूटों से होकर गुजरने वाली 95 ट्रेनों को 3 और 4 दिसंबर को रद्द किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली 11 ट्रेनें भी शामिल हैं।

मौसम विभाग (ईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात के शनिवार की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के पास पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह ओडिशा और निकटवर्ती आंध्र प्रदेश के तट के पास से होकर उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर बढ़ेगा। रविवार को दोपहर तक पुरी के आसपास के तट पर पहुंचेगा।

ओडिशा में स्थिति पुरी के एसपी कंवर विशाल सिंह ने कहा, 'लोगों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुरी बीच पर मौजूद सभी लोगों को यह इलाका खाली करने को कहा गया है। पुरी में आश्रय गृह स्थापित किए गए हैं। सभी से अनुरोध है कि चक्रवात जवाद पर सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। ओडिशा में लोग अपनी अस्थाई दुकानों और सामानों के साथ पुरी समुद्र तट क्षेत्र को खाली कर रहे हैं। वहीं तैनात पुलिस तूफान के मद्देनजर इस प्रक्रिया में तेजी ला रही है।

Exit mobile version