Uttar Pradesh: अमेठी पर अजय राय ने फिर किया बड़ा दावा, अमेठी, रायबरेली कांग्रेस परिवार के साथ

डीएन ब्यूरो

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी, रायबरेली सहित राज्य से लोकसभा की सभी 80 सीटें जीतने की बात भूल जानी चाहिए। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

कांग्रेस  उत्तर प्रदेश  अध्यक्ष अजय राय
कांग्रेस उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय


रायबरेली: कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी, रायबरेली सहित राज्य से लोकसभा की सभी 80 सीटें जीतने की बात भूल जानी चाहिए।

उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने की भाजपा की योजना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राय ने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने के बारे में भूल जाना चाहिए, अमेठी, रायबरेली के बारे में भी भूल जाना चाहिए। यहां के लोग हमेशा गांधी परिवार के साथ खड़े रहे हैं और हमेशा गांधी परिवार के साथ खड़े रहेंगे।’’

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार राय  यहां जन्माष्टमी उत्सव में भाग लेने आए थे। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा को पहले अपने मंत्री के घर पर नजर डालने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “देखिए उसके ही मंत्री कौशल किशोर के घर में (क्या हो रहा है), वहां जुआ चल रहा है, मंत्री के घर पर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या हो रही है।’’

राय ने यह भी दावा किया कि अमेठी से मौजूदा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी में जमानत जब्त होने वाली है।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके पारिवारिक गढ़ अमेठी में हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

राय ने दावा किया कि कांग्रेस 2024 के चुनाव में निश्चित रूप से पूरे देश में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, 'आप देखेंगे कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।'

राय ने कहा कि रायबरेली के लोगों के साथ उनके (राहुल गांधी के) पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने कहा, 'हमारी नेता सोनिया गांधी यहां से सांसद हैं। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं उनके क्षेत्र में आया हूं और उनके मजबूत सैनिकों से मिलने का मौका मिला है। हम पार्टी की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।’’

‘इंडिया’ और भारत के विवाद पर राय ने कहा, ''विपक्षी गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ होने से वे परेशान हैं।’’










संबंधित समाचार