Priyanka Gandhi in UP: प्रियंका गांधी का आज से दो दिवसीय रायबरेली दौरा, कार्यकर्ताओं संग होगा चुनावी मंथन, जानिये हर अपडेट

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये सभी पार्टियों की तैयारियां जोरों पर हैं। कांग्रेस की जमीन मजबूत करने के लिये प्रियंका गांधी भी आजकल यूपी के दौरे पर हैं। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में जानिये प्रियंका के दौरे से जुड़ा ताजा अपडेट

लखनऊ पार्टी कार्यालय में प्रदेश संगठन की बैठक लेतीं प्रियंका गांधी
लखनऊ पार्टी कार्यालय में प्रदेश संगठन की बैठक लेतीं प्रियंका गांधी


लखनऊ/रायबरेली: उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनावों के मद्देनजर लखनऊ में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा गांधी आज यानि रविवार से रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रही हैं। प्रियंका के लखनऊ से रायबरेली आने की सूचना के बाद रायबरेली में कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह हैं। प्रियंका गांधी यहां कार्यकर्ताओं संग बैठक कर चुनावी मंथन करेंगी और आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अहम रणनीति तैयार करेंगी। 

प्रियंका का रायबरेली दौरा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के लिये बेहद अहम माना जा रहा। प्रियंका गांधी रायबरेली में भुइमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी मीटिंग्स करेंगी। वहां उनके स्वागत के लिये जोरदार तैयारियां की गई हैं। चुरुवा बार्डर से प्रियंका के स्वागत के लिये बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने सिलसिला जारी है। जगह-जगह उनके स्वागत की तैयारियां की गई और बड़े-बड़े पोस्टर व बैनर लगाये गये हैं। 

प्रियंका गांधी के लिये रायबरेली में गेस्ट हाउस को खास तौर पर सजाया गया है। वे यहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। साथ ही पार्टी से जुड़े पंचायत प्रतिनिधियों से भी वार्ता करेंगी। सोमवार को वे जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगी। माना जा रहा है कि वे इस दौरान विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों को भी परखेंगी और कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत के लिये कुछ नई टिप्स भी देंगी।

इससे पहले प्रियंका गांधी ने लखनऊ में कांग्रेस पार्टी कार्यालय में प्रदेश संगठन की कई बैठकों में भाग लिया। इस दौरान पदाधिकारियों एवं जिले के नेताओं से चुनाव को लेकर रिपोर्ट व फीडबैक लिया गया। साथ ही आगे के लिये कई चुनावी कार्यक्रम भी तय किये गये। 

कांग्रेस का कहना है कि उत्तर प्रदेश में जनता बदलाव का मन बना चुकी है।  किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारी वर्ग व आमजनों की आवाज बन कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव में परिवर्तन के संकल्प के साथ मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।










संबंधित समाचार