UP Assembly Polls: मिशन यूपी के लिये लखनऊ पहुंची प्रियंका गांधी ने प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति संग की बैठक, लिया ये बड़ा फैसला

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में पार्टी की सुनिश्चित जीत के लिये यूपी दौरे पर पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का लखनऊ में बैठकों का दौर जारी है। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में पढ़िये प्रियंका के दौरे से जुड़े कुछ बड़े अपेडट

प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में प्रियंका गांधी
प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में प्रियंका गांधी


लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिये कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचुव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी चुनावी जमीन को मजबूत करने के लिये लगातार राज्य के दौरे कर रहीं है। प्रियंका गांधी एक बार फिर चुनावी मंथन और रणनीति के लिये लखनऊ पहुंची है, जहां उनकी बैठकों का सिलसिला जारी है। लखनऊ में प्रियंका गांधी द्वारा चुनावी जीत के लिये कई बड़े फैसले लिये जा रहे हैं। 

दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को कांग्रेस दफ्तर पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में पार्टी नेताओं, सलाहकारों समेत रणनीति कमेटी के सदस्यों संग कई मुद्दों पर चर्चा की। इस बैठक में कई अहम फैसले लिये गये और आगामी चुनावी अभियानों और कार्यक्रमों पर भी मंथन किया गया। इस बैठक में मौजूद सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस यूपी में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिये प्रतिज्ञा यात्रा निकालेगी। प्रदेश चुनाव कमेटी की अगली बैठक 5 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव से पहले आयोजित होने वाली 'कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा’ हम वचन निभाएंगे' नाम से होगी। यह प्रतिज्ञा यात्रा उत्तर प्रदेश में 12000 किलोमीटर चलेगी, इसके जरिये हर मंडल और जिलों को जोड़ने की कोशिश की जायेगी। यह यात्रा लगभग सभी कस्बों और बड़े गांवों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा के जरिये कांग्रेस जहां जनता के बीच जाकर अपना संदेश स्पष्ट करेगी वहीं सरकार की नाकामियों को भी उजागर किया जायेगा।  

जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के जिला, ब्लॉक प्रमुख, पंचायत अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं और अन्य पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर रणनीति पर चर्चा करेंगी और जीत के लिये कई अहम निर्णय लिये जाएंगे। 

प्रियंका गांधी ने आज लखनऊ में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंडित जी के विचारों का मार्गदर्शन आज भी हमारे साथ है। 










संबंधित समाचार