Journalist Vinod Dua passes away: वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन

डीएन ब्यूरो

वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। विनोद दुआ की बेटी मल्लिका दुआ ने अपने पिता के देहांत की यह खबर दी। पढ़िये पूरी रिपोर्ट

विनोद दुआ (फाइल फोटो)
विनोद दुआ (फाइल फोटो)


नई दिल्ली: वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। विनोद दुआ की बेटी मल्लिका दुआ ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में अपने पिता के देहांत की यह दुखद खबर दी। 

विनोद दुआ का अंतिम संस्कार कल लोधी श्मशान घाट कर किया जायेगा। 

विनोद दुआ की बेटी एवं एक्ट्रेस मल्लिका दुआ ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, हमारे बेपरवाह, निडर और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया. उन्होंने दिल्ली की शरणार्थी कॉलोनियों से निकलकर पत्रकारिता के शिखर तक बढ़ते हुए एक अद्वितीय जीवन जिया। 

मल्लिका दुआ अपनी पोस्ट में लिखतीं हैं कि वे हमेशा सच बोलते रहे। मल्लिका दुआ ने लिखा, अब वे हमारी मां के साथ हैं यानी अपनी पत्नी के साथ स्वर्ग में हैं. दरअसल, मल्लिका की मां का निधन इसी साल कोरोना से हो गया था।

विनोद दुआ ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और दिल्ली विश्वविद्यालय से ही साहित्य में मास्टर डिग्री भी प्राप्त की।

विनोद दुआ ने दूरदर्शन और एनडीटीवी इंडिया में लंबे वक्त तक काम किया। साल 1996 में उन्हें रामनाथ गोयनका पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें भारत सरकार द्वारा 2008 में पत्रकारिता के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। जून 2017 में, पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी जीवन भर की उपलब्धि के लिए, मुंबई प्रेस क्लब ने उन्हें रेडइंक पुरस्कार से सम्मानित किया था।










संबंधित समाचार