लखनऊ: स्थापना दिवस पर रक्षा मंत्री ने गिनाईं भाजपा की उपलब्धियां, कांग्रेस पर साधा निशाना

डीएन ब्यूरो

भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश मुख्यालय में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। इस मौके पर उनके साथ यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना भी मौजूद रहे।



लखनऊ: भाजपा की स्थापना के 38 वर्ष होने पर आज लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना भी मौजूद रहे।

 रक्षा मंत्री ने इमरजेंसी के दिनों की दिलाई याद

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इमरजेंसी के दिनों में बोलने तक की आजादी नहीं थी। उन्होंने कहा कि कभी भाजपा के संसद में केवल दो सांसद हुआ करते थे लेकिन आज भाजपा देश ही नहीं बल्कि दुनियां का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है, आज सच्चे मायने में लोकतंत्र है और देश का हर नागरिक इस चीज को समझ रहा है। 

 

 

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके समय में अभिव्यक्ति की आजादी का इमरजेंसी के नाम पर गला घोटा गया, वह आज हमारी सरकारों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी बाजपेई ने पार्टी की नींव रखी और इसको आगे ले जाने का काम लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और राजनाथ सिंह जैसे नेताओं ने किया और आज देश के सबसे अधिक राज्यों में किसी पार्टी की सरकार है तो वह भाजपा ही है। 

रक्षा मंत्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का गठन देश की अखंडता, एकता को बनाए रखने के लिए किया गया। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नृतत्व में देश ही नहीं बल्कि दुनिया में भारत की साख बढ़ी है। इस मौके पर उन्होंने यूपी में हो रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। साथ ही बुंदेलखंड के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए डिफेंस इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन कॉरिडोर के बारे में फिर से एक बार बताया। हालांकि बुंदेलखंड के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए इस योजना की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में ही कर चुके हैं। रक्षा मंत्री ने बताया कि इस योजना के लिए बुंदेलखंड में सर्वे का काम शुरू हो गया है और डीपीआर बनाई जा रही है। साथ ही  बुंदेलखंड को एक्सप्रेस हाईवे से जोड़े जाने की भी बात बताई। उन्होंने कहा कि इससे बुंदेलखंड में विकास को बढ़ावा मिलेगा।










संबंधित समाचार