लखनऊ: गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गिनाई मोदी सरकार की चार साल की उपलब्धियां

डीएन ब्यूरो

मोदी सरकार के 4 साल पूरे होने के मौके पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाई। पूरी खबर..



लखनऊ: मोदी सरकार के शासनकाल के 4 साल पूरा होने के मौके पर राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें मोदी सरकार के 4 साल के शासनकाल में किए गए कामकाज के बारे में बताया गया। वहीं देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने प्रेस वार्ता में मोदी सरकार के कामकाज के बारे में बताते हुए कहा कि बेनामी संपत्ति कानून, शत्रु संपत्ति अधिनियम, आर्थिक अपराध से जुड़े अपराधियों महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले लोगों के खिलाफ कड़े कानून मोदी सरकार द्वारा जनता के हित में लिए गए फैसलों के कुछ उदाहरण हैं।

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि जब मोदी सरकार 2014 में सत्ता में आई थी, उस समय देश के 75 जिले नक्सली हिंसा से प्रभावित थे। जिनकी संख्या अब घटकर 58 हो गई है। वहीं नॉर्थ ईस्ट राज्यों में होने वाली हिंसा पर बोलते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में कमोबेश शांति का वातावरण है।

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार को लेकर दिया बड़ा बयान

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि केंद्र के 4 साल के शासनकाल में किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई गंभीर आरोप नहीं लगा है। यह मोदी सरकार की विश्वसनीयता और भ्रष्टाचार पर लेकर को लेकर जीरो टॉलरेंस पॉलिसी का परिणाम है। गृहमंत्री ने बताया कि आर्थिक अपराधों से जुड़े अपराधी अपराधियों की संपत्ति देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी जप्त करने का प्रावधान किया गया है। जिससे इस तरह के मामलों में कमी लाई जा सकें।

इस दौरान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बताते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में डॉलर मूल्य और क्रूड आयल की घटती बढ़ती कीमतों के कारण देश की अर्थव्यवस्था पर थोड़ा सा भारत पड़ा है। लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। देश के पास 400 अरब डालर से अधिक का विदेशी मुद्रा भंडार है और सरकार पेट्रोल डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने की दिशा में गंभीरता से विचार कर रही है।

 

यूपी में कानून व्यवस्था को लेकर राजनाथ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ़ की

गृहमंत्री राजनाथ सिंह बताया कि यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपराधियों के अंदर कानून का खौफ पैदा हुआ है। यही वजह है कि गुंडे बदमाशों के हौसले पस्त हुए हैं और अपराध के आंकड़ों में कमी आई है।










संबंधित समाचार