डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कार्यकर्ता को किया चार्ज, कहा- 2019 के लिये हों जाएं तैयार

डीएन संवाददाता

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र में एक बार फिर से सरकार बनाने के लिए जी-जान से जुड़ने को कहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चार्ज करते हुए अन्य पार्टियों की नीतियों पर भी जमकर हमला बोला। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में पढ़ें, क्या-क्या बोले डिप्टी सीएम



लखनऊ: भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाती है, यहां पर कोई भी कार्यकर्ता बड़े से बड़े पद तक अपनी योग्यता के अनुसार पहुंच सकता है। दूसरे दलों पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि दूसरे दलों में कौन नेता बनेगा, यह पहले से तय होता है, मगर भाजपा में ऐसा नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चार्ज करते हुए कहा कि 2019 के चुनावों में विरोधियों को धूल चटाने के लिये फिर तैयार हो जाएं। 

यह भी पढ़ें: यूपी के डिप्टी सीएम बोले- राज्यसभा में बहुमत होता तो बनाते राम मंदिर 

भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारे पास केंद्र में जनता के लिए किए गए कामों का पूरा लेखा-जोखा है और इसी के साथ हम जनता के बीच में जाएंगे और उनसे फिर से भाजपा का साथ देने को कहेंगे। उन्होंने कहा कि हमें जनता को कांग्रेस समेत सपा-बसपा के शासनकाल में किए गए कामों के बारे में भी जनता से बताना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में सभी जिलों में बराबर बिजली आपूर्ति हो रही है, जिससे किसानों, छात्रों, व्यापारियों को किसी तरह भी बिजली के लिए परेशान ना होना पड़े।

भाजपा कार्यकर्ताओं से अपने राजनीतिक सफर की चर्चा करते हुए कहा कि 1996 में वह पार्टी से जुड़े। मगर 18 सालों के बाद पार्टी ने उन्हें टिकट दिया और आज वह प्रदेश के डिप्टी सीएम के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को टिकट के लोगों को छोड़कर पार्टी और जनता के लिए काम करना चाहिए।

डिप्टी सीएम ने कहा पार्टी योग्यता के हिसाब से कार्यकर्ताओं को जरूर तरजीह देगी। ऐसे में आगामी 2019 के चुनाव में पूरी ताकत लगाकर भाजपा की सरकार बनवाएं। वहीं भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर उर्फ रावण के जेल से रिहा होने के बाद भाजपा पर हमला करने पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। केवल इतना कहा कि कानून अपना काम करेगा।
 










संबंधित समाचार