रोजगार को लेकर अब्बास नकवी ने कही ये बात, बोले- हुनर हाट ने पैदा किए लाखों रोजगार

डीएन ब्यूरो

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि हुनर हाट ने जाति, क्षेत्र, धर्म की सीमाओं को तोड़कर पिछले छह वर्षों में समाज के सभी वर्गों के लगभग 10 लाख 50 हजार। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री (फाइल फोटो )
मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री (फाइल फोटो )


नई दिल्ली:  केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि हुनर हाट ने जाति, क्षेत्र, धर्म की सीमाओं को तोड़कर पिछले छह वर्षों में समाज के सभी वर्गों के लगभग 10 लाख 50 हजार दस्तकारों और शिल्पकारों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराये हैं जिनमें 50 प्रतिशत से अधिक महिला कारीगर शामिल हैं।

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहा कि ‘लकवाग्रस्त नीतियों’ की बीमारी से देश को बाहर निकाल कर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ‘सुशासन का इंस्टीट्यूशन और समावेशी विकास का मिशन’ बन गए हैं। श्री मोदी ने आपदा के समय भी देश को आफत से बचाया है। दुनिया भर की आर्थिक तंगी और मंदी के दौरान भी देश और देश के लोगों की सुरक्षा-सुविधा को किसी भी हाल में कमजोर नहीं होने दिया।

श्री नकवी ने कहा कि 'वोकल फॉर लोकल', 'स्वदेशी', 'आत्मनिर्भर भारत', 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के दर्शन का प्रांगण है 'हुनर हाट'। उन्होंने कहा कि हुनर हाट, देश की सदियों पुरानी कला-कौशल की विरासत के संरक्षण, संवर्धन का सार्थक प्रकल्प है। हुनर हाट ने जाति, क्षेत्र, धर्म की सीमाओं को तोड़ कर पिछले छह वर्षों में समाज के सभी वर्गों के लगभग 10 लाख 50 हजार दस्तकारों, शिल्पकारों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराये हैं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक महिला कारीगर शामिल हैं।

श्री नकवी ने कहा कि देश की विलुप्त हो रही कला को हुनर हाट से नयी पहचान मिली है। श्री नकवी, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने 41वें हुनर हाट का औपचारिक उद्घाटन आज आगरा में किया। देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आये 800 से ज्यादा स्वदेशी दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों के शानदार दुर्लभ हस्तनिर्मित उत्पादनों का यह हुनर हाट आगरा के शिल्पग्राम के ताजगंज में 18 से 29 मई तक आयोजित किया जा रहा है।

श्री पाठक ने कहा कि हुनर हाट पूरे देश को एक छत के नीचे देखने का मजबूत माध्यम है। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हुनर हाट, देश के कोने-कोने के स्वदेशी शानदार उत्पाद उपलब्ध हैं, वहीं देश के हर क्षेत्र के परंपरागत पकवान भी उपलब्ध हैं। देश के सभी राज्यों की कला-संस्कृति को एक जगह एकत्र करना साधारण काम नहीं हैं लेकिन हुनर हाट यह सराहनीय कार्य कर रहा है।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने कहा कि हुनर हाट भारत की सभ्यता, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, कला, संगीत, साहित्य को अक्षुण्ण करने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हुनर हाट लोक कला, लोक संस्कृति, लोक भाषा, लोक भोजन को अक्षुण्ण रख रहा है। हुनर हाट देश की कला को जीवित रखने का कार्य कर रहा है।

आगरा के हुनर हाट में मिट्टी, कांच, लकड़ी, बांस, बेंत, पीतल, ताम्बे, रॉट आयरन, चन्दन आदि से बनें हस्तनिर्मित शानदार दुर्लभ उत्पादनों के अलावा ‘विश्वकर्मा वाटिका’, देश के जाने-माने और उभरते कलाकारों के शानदार गीत-संगीत के कार्यक्रम, लेजर शो, परंपरागत सर्कस, मनमोहक सेल्फी पॉइंट्स आदि आकर्षण हैं। मेरा गांव, मेरा देश (फ़ूड कोर्ट) में एक ही जगह पूरे भारत के लज़ीज़ जायकों का लुत्फ़ मिल रहा है।

इसमें प्रत्येक दिन जाने-माने कलाकारों द्वारा विभिन्न गीत-संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जा रहे हैं। शैलेन्द्र सिंह, पंकज उधास, दलेर मेहंदी, अल्ताफ राजा, तलत अज़ीज, मोहित चौहान, रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर, भूमि त्रिवेदी, पूर्णिमा श्रेष्ठ, राजू श्रीवास्तव, निज़ामी बंधू, प्रतिभा सिंह बघेल, दिलबाग सिंह, नेहा खान, मोहित खन्ना, रेखा राज, पी. गणेश, बेला सुलेखा, अंकिता पाठक, जॉली मुख़र्जी, अदिति खांडेगल, हेमा सरदेसाई, भूपिंदर सिंह भुप्पी, अनिल भट्ट, हंसिका अय्यर, प्रिया मलिक, रितेश मिश्रा, भूमिका मलिक, आशु बजाज, विवेक मिश्रा, राहुल जोशी, सुप्रिया जोशी आदि अपने गीत-संगीत-परंपरागत नृत्य एवं हास्य कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगें।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे, आगरा के मेयर नवीन जैन, कई विधायक और उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अशफाक सैफी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। (यूनिवार्ता) 










संबंधित समाचार