Akhilesh Yadav: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोले कई बड़े हमले, जानिये क्या-क्या कहा

डीएन ब्यूरो

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पर एक के बाद एक कई हमले बोले। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट



फिरोजाबाद:  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सत्ताधारी सरकार और भारतीय जनता पार्ट पर कई हमले बोले। अखिलेश यादव ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक, किसान आंदोलन, चंडीगढ़ मेयर चुनाव, लोक सभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के साथ सीट शेयरिंग समेत तमाम मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरा। उन्होंने बड़ा हमला करते हुए कहा कि भाजपा एक गिरोह की तरह काम कर रही है, जो लोकतंत्र को लूट रही है। 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार फिरोजाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गांव-गांव में नौजवान भर्ती पुलिस में पेपर लीक के खिलाफ आक्रोशित है, पेपर लीक और भर्ती में भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में पश्चिमी यूपी, बुन्देल खण्ड से लेकर हर जिले में छात्र सड़कों पर है।

सपा प्रमुख ने कहा कि इलाहाबाद में लोक सेवा आयोग के सामने भी छात्रों ने प्रदर्शन कर पेपर लीक का मामला उठाया है। भर्तियों में बड़े पैमाने पर धांधली क्यों हो रही है? आखिर इस सरकार में हर पेपर लीक क्यों होता है? क्या सरकार खुद पेपर लीक करा रही है?

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में किसान और नौजवान बहुत दुःखी है। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों को भाजपा सरकार अपमानित कर रही है। पुलिस और पीएसी लगाकर आंदोलन को कुचल रही है। किसानों को लाठी डंडो और आसूं गैस का सामना करना पड़ रहा है। 

भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। गरीब परेशान है। समाजवादी पार्टी ने आम जनता, किसानों, नौजवानों की परेशानी खत्म करने, भाजपा के भ्रष्टाचार और अन्याय से निजात दिलाने के लिए गठबंधन किया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन हो जाने के बाद जगह-जगह से समर्थन मिल रहा है। लोगों में उत्साह है। लोग बधाई दे रहे है। इंडिया गठबंधन पूरे देश में मजबूत हो रहा है। इंडिया गठबंधन पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा और जीतेगा। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश और देश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगी।
 
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। भाजपा के गिरोह के रूप में काम कर वोटों की लूट कर रही है। अभी हाल ही में पूरे देश ने देखा कि चण्डीगढ़ मेयर चुनाव में बैलेट से चुनाव के कारण वोट की लूट पकड़ी गयी। ये चुनाव वैलेट पेपर से हुआ था, इसलिये ये पकड़ में आयी। यदि ईवीएम से वोटिंग होती तो इसका कैसे पता चलता।










संबंधित समाचार