लखनऊ: कृषि मंत्री शाही बोले- आरक्षण के नाम पर भाजपा को बदनाम कर रहे विपक्षी दल

डीएन संवाददाता

राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उनकी सरकार आरक्षण के साथ किसी भी तरह का छेड़छाड़ करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल भाजपा सरकार को बदनाम करने में लगे हैं। पूरी खबर..



लखनऊ: राजधानी में स्थित भाजपा मुख्यालय में जनता की शिकायतों को सुनने पहुंचे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों पर आरक्षण के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकने का आरोप लगाया।

कृषि मंत्री ने कहा कि आरक्षण के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ करने के लिए केंद्र सरकार कतई तैयार नहीं है। मगर कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल आरक्षण समाप्त करने की साजिश बताकर भाजपा सरकार को बदनाम करने में लगे हैं, लेकिन जनता सब कुछ जानती है।

दलितों के घर भोजन करने को लेकर भाजपा नेताओं में मची होड़ को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दलितों के घर जाकर भोजन करना कोई नई बात नहीं है। इसको चुनावों से जोड़ कर देखना ठीक नहीं होगा। वहीं उन्होंने यूपी की पिछली सपा- बसपा सरकारों के शासनकाल में दलितों पर हुये अत्याचारों की याद भी दिलाई और कहा कि वर्तमान योगी सरकार में कानून व्यवस्था काफी मजबूत है और कानून के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत सरकार किसी को नहीं देगी।

इस दौरान कृषि मंत्री ने अपने विभाग द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी और बताया कि सरकार की ओर से किसानों की माली हालत सुधारने को लेकर अभी कई और नई योजनाएं भी हैं, जो आने वाले समय में जल्द शुरू की जाएगीं।
 










संबंधित समाचार