Akhilesh Yadav: योगी के मुंबई दौरे पर अखिलेश यादव ने कुछ इस अंदाज़ में बोला हमला

डीएन ब्यूरो

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुंबई दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा हमला किया है। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में पढिये, क्या बोले अखिलेश यादव

अखिलेश यादव, अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी (फाइल फोटो)
अखिलेश यादव, अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी (फाइल फोटो)


लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष भी नहीं बचा है। जैसे-जैसे चुनाव की घड़ी नजदीक आती जा रही है, मुख्यमंत्री प्रदेश छोड़कर गगनचारी बन गए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के साथ इस तरह की स्थिति शायद ही पहले हुई हो, जिसमें जबानी जमा खर्च से कार्यव्यापार चलाया गया हो

अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री कभी हैदराबाद, कभी मुम्बई, कभी पश्चिम बंगाल तो कुछ दिन पहले बिहार में थे। उन्होंने कहा कि सीएम योगी प्रदेश में सरकारी दायित्वों के निर्वहन से मुंह मोड़कर दूसरे राज्यों के दौरों की सक्रियता दिखा रहे हैं, इससे लगता है कि भाजपा से जनता के मोहभंग से मुख्यमंत्री भी परिचित हो गए हैं।  योगी सरकार न अपना कोई काम कर रही है और नहीं किसानों के साथ न्याय।

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि सबका साथ और सबका विश्वास पाने के लिए योगी सरकार से लाठी-गोली, आंसू गैस और पानी की बौछार का तोहफा जनता को मिल रहा है। लंबे चौड़े वादों से लोगों को बहकाने की साजिशें की जा रही है। भाजपा के कुशासन से अन्नदाता बर्बाद हैं।

किसान की आय दुगुनी करने के योगी सरकार के वादे पर वार करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह केवल झूठा आश्वासन है और कृषि कानूनों की आड़ में देश और राज्य के किसानों की जमीन हड़पने का जो षडयंत्र है, उसे खेती किसानी करने वाले अच्छे से समझते हैं। किसानों का असंतोष आक्रोश बनकर फूट पड़ा है। भाजपा शासित राज्यों के किसान भी आंदोलित हैं।

यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि समाज को बांटने, भ्रम, भय और भ्रष्टाचार की राजनीति में भाजपा की दक्षता और कुशलता के सभी कायल हैं और उसकी सच्चाई से भी पूरी जनता अवगत हैं। किसानों के आंदोलन को उलझाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगाए जा रहे हैं। साथ ही भाजपा अपने किए को सही ठहराने की हठधर्मी भी पाले हुए है। समाज अब जागरूक और सजग है। उसे कोई भ्रमित नहीं कर सकता है। 

अखिलेश यादव ने कहा कि किसान अन्नदाता है, जब उसका सम्मान होगा तभी देश आत्मनिर्भर होगा। समाजवादी पार्टी किसानों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। 
 










संबंधित समाचार