PCR वैन ने बाइक को मारी टक्कर, और घायलों को तड़पता छोड़ फरार हो गए

डीएन ब्यूरो

पुलिस का काम होता है कानून-व्यवस्था कायम रखना और इसे तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना। लेकिन जब खुद पुलिस कानून तोड़े तो आम जनता क्या करेगी ?

पुलिस की PCR वैन
पुलिस की PCR वैन


नोएडा: राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दिखाई गई असंवेदनशीलता और अमानवीयता का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस की PCR वैन ने पहले तो दो लोगों को टक्कर मारी और फिर उन्हें वहीं घायल छोड़कर फरार हो गए। दोनों पीड़ित इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने जहां उन्हें मरने के लिए सड़क पर छोड़ दिया था, वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों पीड़ित सगे भाई हैं। एक का नाम आदित्य सिंह और दूसरे का नाम अनूप सिंह बताया गया है। दोनों को मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों के पैर की हड्डी में फ़्रैक्चर हुआ है। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। PCR ने ना केवल युवकों को टक्कर मारी, बल्कि उन्हें अस्पताल लेकर जाने की जगह दोनों को घायल स्थिति में ही सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। इस घटना का एक विडियो भी सामने आया है। जिस जगह पर PCR ने दोनों भाइयों को टक्कर मारी, वहीं पास में लगे एक CCTV कैमरे में यह पूरा वाकया रिकॉर्ड हो गया।

विडियो में दिख रहा है कि पुलिस की गाड़ी ने सड़क पर चलते हुए एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण उसपर बैठे हुए दोनों युवा बाइक से नीचे गिर पड़े और दोनों युवक सड़क पर आगे घिसटते हुए कुछ दूर आगे गिर गए। इस हादसे के बाद PCR कुछ मिनट वहां खड़ी रही, लेकिन एक भी पुलिसकर्मी बाहर निकलकर घायलों की मदद के लिए नहीं गया। फिर वहां आसपास से गुजर रहीं गाड़ियां और लोग वहां जमा होने लगे। भीड़ जुटते देखकर PCR वहां से चली गई। चूंकि घायल युवक सड़क पर PCR की सीध में ही गिरे हुए थे, सो पुलिसवाले उनके बगल से गाड़ी को मोड़कर PCR भगा ले गए। उनके चले जाने के बाद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
 










संबंधित समाचार