Accident in UP: यूपी में घने कोहरे के कारण सड़कों पर भिड़े दर्जनों वाहन, आधा दर्जन से अधिक मौतें, कई घायल

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण दर्जनों वाहनों के आपस में टकराने से अब तक चार लोगों की मौत हो गयी जबकि कई लोगों के घायल होने की खबरें हैं। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट

घने कोहरे के कारण भिड़े कई वाहन
घने कोहरे के कारण भिड़े कई वाहन


लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सर्द मौसम के साथ ही कोहरा भी जबरदस्त कहर बरपा रहा है। घने कोहरे के चलते यूपी में अलग-अलग सड़कों और एक्सप्रेसवे कई सड़क हादसे हुए हैं। विभिन्न हादसों में आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत की खबर है। जबकि कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वाहनों के टकराने के कारण बाधित हुई सड़कों पर राहत के काम जारी है। 

घने कोहरे के कारण यूपी में स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा हुआ। यहां बागपत में कोहरे के कारण 18 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकरा गई हैं। इस हादसे में कई लोग घायल हैं, जिन्हें बागपत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में अग्रवाल फ्लाईओवर के निकट करीब 10 वाहन घने कोहरे के कारण आपस में भिड़े। हादसे में करीब 9 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। 

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भी घने कोहरे के कारण 8 गाड़ियां आपस में टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है। 

आगरा मंडल में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के दो जगहों पर कोहरे के कारण कई वाहन टकरा गए। हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई है। कुछ लोग घायल भी हुए हैं। पहला हादसा एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 85 पर हुआ। यहां कोहरे के कारण कई वाहन भिड़ गए। इससे दो लोगों की मौत हो गई है।  दूसरा हादसा माइल स्टोन 92 पर हुआ है। यहां भी कई वाहन टकराए। इसमें तीन लोगों की मौत हुई है। 

मुजफ्फरनगर के खतौली में शुक्रवार को कोहरा व धुंध छाने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया। वहीं अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए।

मुरादाबाद बिजनौर मार्ग पर छजलैट थानाक्षेत्र में दाढ़ी महमूदपुर गांव के पास खड़े ट्रक में इको कार घुस गई। इस हादसे में एक मासूम समेत तीन की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं। छजलैट थाना क्षेत्र में यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे दाढ़ी महमूदपुर के पास हादसा हुआ।

उक्त हादसों के अलावा आज सुबह ही उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर औरास थाना क्षेत्र के मैनीभावा गांव के पास एक वॉल्वो बस सड़क पर खड़े कंटेनर के पीछे से जा भिड़ी। इस हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गयी और 7 घायल हो गये। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया है।










संबंधित समाचार