महराजगंज: सपा महासचिव बोले- पिछडों और दलितों के हक पर डाका डाल रही भाजपा, चुनाव में सिखाएंगे सबक

डीएन संवाददाता

महराजंगज दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ने आज सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला और आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का ऐलान किया। पढ़िये पूरी रिपोर्ट

अखिलेश कटियार ने पार्टी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
अखिलेश कटियार ने पार्टी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित


महराजगंज: जनपद दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अखिलेश कटियार ने आज यहां सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला और आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का ऐलान किया। उन्होने कहा कि भाजपा राज में आज देश में हर गरीब, मजदूर, नौजवान और किसान सब परेशान हैं। भाजपा पिछडों और दलितों के हक पर डाका डाल रही है। अखिलेश कटियार के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने इंदरपुर चौराहे पर उनका शानदार स्वागत किया।

अखिलेश कटियार ने पनियरा विधान सभा के बारीगांव, सदर विधान सभा के गोपाला और फरेंदा विधान सभा के सेमरहनी में चौपाल कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा राज में देश विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है, जहां दलितों और पिछड़ों को आरक्षण से वंचित करने की साज़िश रची जा रही है वहीं राष्ट्र के लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन किया जा रहा है l

कटियार ने कहा कि किसानों का आय दुगुना करने की बात करने वाली भाजपा सरकार पिछले एक साल से आन्दोलन कर रहे किसानों की अनदेखी कर उन्हें प्रताड़ित करने का काम कर रही हैl आज देश मे गरीब मजदूर नौजवान किसान सब परेशान हैं l बेरोजगारी, महगाई चरम पर है। कोरोना के नाम पर शिक्षण संस्थाओं और व्यापारियों बर्बाद और प्रताड़ित किया जा रहा है। देश-प्रदेश में जुमले और झूठ की सरकार चल रही है।

उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूंजपतियों की सरकार है। बेलगाम महंगाई से हर आदमी परेशान है। जिले में असमय बारिश से हजारों एकड़ खेती गल गए लेकिन सरकार के तरफ एक फूटी कौड़ी किसानों को राहत नहीं दी गई। हम समाजवादी लोग किसानों के हक के लिए बड़े पैमाने पर आंदोलन छेड़ने पर विवश होंगे।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा की आज भाजपा सरकार नारी सुरक्षा के नाम सरकार बनाई लेकिन डबल इंजन की भाजपा सरकार में सर्वाधिक महिला अत्याचर व यौन शोषण हुआ है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिले के समाजवादी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने की। 










संबंधित समाचार