महराजगंज: कुछ यूं पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, हत्या-आत्महत्या के बीच अटकी सुई

डीएन ब्यूरो

एक आम के पेड़ से एक युवक का लटकता शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा हुआ है। जानिये, पूरी कहानी..

निचलौल थाना क्षेत्र की घटना
निचलौल थाना क्षेत्र की घटना


महराजगंज: निचलौल थाना क्षेत्र के सिसवां मार्ग बुढ़ाडिह गांव में रविवार को एक युवक का शव  पेड़ से लटकता मिला। शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।  ग्रामीणों ने काली मंदिर के निकट एक आम के पेड़ में शर्ट के फंदे से युवक का लटकता शव देखा, जिसके बाद ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर शिनाख्त कराने में जुट गई। 

कुछ देर के शिनाख्त के बाद मृत युवक की पहचान कोठीभार थाना क्षेत्र के रमपुरवा निवासी गोपी (27) के रूप में हुई। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी तक यह साफ नहीं हो सका कि यह मामला हत्या का है या फिर आत्महत्या का।

जानकारी के अनुसार कोठीभार थाना क्षेत्र के रमपुरवा निवासी मृतक गोपी की शादी निचलौल थाना क्षेत्र के बुढ़ाडिह निवासी शिल्पा से सात वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के कुछ वर्ष बीतने के बाद युवक गोपी अपनी पत्नी शिल्पा को कई बार नशे में मारपीट कर मायके पहुंचा देता था। जिसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। लेकिन युवक अभी भी अपनी पत्नी से विवाद करता रहता था।

बुढ़ाडिह कला के ग्राम प्रधान बृजेश उपाध्याय ने कहा कि मृत युवक गोपी बीते करीब दस दिन पहले अपनी पत्नी को शराब के नशे में मार पीटकर हाथ की अंगुली तोड़ दिया था। जिसकी पंचायत कोठीभार थाने पर हुई, उसके बाद शिल्पा अपने मां के साथ मायके चली गई।

पत्नी के मायके चले जाने के बाद युवक बीते तीन दिनों से अपने ससुराल आकर पत्नी से विवाद करता था। वहीं मृतक की पत्नी शिल्पा ने कहा कि पति शराब पीने के आदि थे। वह तीन दिनों से ससुराल आकर विवाद कर रहे थे। मां व भाई द्वारा उन्हें काफी समझाया गया। लेकिन वह नहीं माने और वह शनिवार की देर शाम को भी ससुराल आकर विवाद करने लगे।

इस दौरान भी उन्हें काफी समझाया गया। लेकिन वह जिद करते हुए वहां से घर जाने की बात कहकर निकल गए। सुबह लोगों से जानकारी मिली कि गांव से कुछ दूर काली मंदिर के निकट एक आम के पेड़ से लटकता शव मिला है। मौके पर पहुंची, तो देखा कि पेड़ से लटकता हुआ शव पति गोपी का है। मृतक के दो बच्चे अंकिता (5) राज (2) हैं।

घटना के संबंध में इंस्पेक्टर निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
 










संबंधित समाचार