महराजगंज: तेंदुए ने मचाया टेढ़ी गांव में तांडव, दो महिलाएं बुरी तरह जख्मी, ग्रामीणों में भारी भय

डीएन संवाददाता

महराजगंज के टेढ़ी गांव में तेंदुए ने भयंकर तांडव मचाया और महिलाओं पर हमला बोला, जिसमें दो महिलाएं बुरी तरह घायल हो गई। तेंदुए के इस हमले से गांव में भय का माहौल व्याप्त हो गया है, गांव के लोग सारी रात जागते रहे।

तेंदुए के हमले में घायल  हजरुन्निशा
तेंदुए के हमले में घायल हजरुन्निशा


महराजगंज: सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज में स्थित ग्राम पंचायत टेढ़ी में जंगल से निकल कर एक तेंदुआ ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया, जिसकी वजह से गांव में सनसनी मच गई। तेंदुए के हमले से बुरी तरह घायल महिलाओं का इलाज सीएचसी लक्ष्मीपुर में किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक पुरन्दरपुर रात में भोजन करने के बाद करीब 10 बजे अपने दरवाजे पर आग सेंक रही महिला हजरुन्निशा (47) पर तेंदुआ ने अचानक हमला कर दिया। तेंदुए ने हजरुन्निशा के बाएं पैर को अपने पंजे और दांतों से बुरी तरह कुचल डाला। किसी तरह हजरुन्निशा ने खुद को तेंदुए के कब्जे से मुक्त किया।

इसके बाद हजरुन्निशा के घर से कुछ ही दूरी पर आँगन में आग सेक रही पाना देवी (43) पर भी तेंदुए ने हमला किया, जिसके कारण पूरे गांव में भय का माहौल व्याप्त हो गया और लोग सारी रात जागते रहे। 
मामले को लेकर रेंजर सरजू प्रसाद ने बताया कि घायलों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।

सामने आई लापरवाही

तेंदुए द्वारा महिलाओं पर हमले की सूचना के बाद भी अभी तक वन विभाग का कोई बड़ा अधिकारी नहीं पहुंचा है। महराजगंज के डीएफओ मनीष कुमार सिंह भी अपना फोन नहीं उठा रहे हैं। फिलहाल अभी तेंदुए के पकड़े जाने की कोई खबर नहीं है, लेकिन लोगों में भारी दहशत है।










संबंधित समाचार