फेम इंडिया ने जारी की 50 प्रभावशाली भारतीयों की सूची, पीएम मोदी समेत इन दिग्गजों ने बनायी जगह

डीएन ब्यूरो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से हर कोई भलि भांति वाकिफ है। अब फेम इंडिया मैगजीन के हालिया सर्वे में भी मोदी शीर्ष पर विराजमान है। उनके साथ देश के कुछ नेता और अन्य शख्सियत भी इस सूची में शामिल है। जानिये पूरा विवरण डाइनामाइट न्यूज़ पर..

फेम इंडिया मैगजीन की 50 प्रभावशाली भारतीय 2020 की सूची
फेम इंडिया मैगजीन की 50 प्रभावशाली भारतीय 2020 की सूची


नई दिल्ली: फेम इंडिया मैगजीन की "50 प्रभावशाली भारतीय 2020" की सर्वे सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सर्वाधिक प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में चुना गया। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्‍ट के इस सर्वे में व्‍यक्तित्‍व, प्रभाव, दूरदर्शिता, छवि, विकासपरक कार्यशैली तथा जन कल्‍याणकारी प्रयास आदि नौ मानदंडों पर करीब बारह हजार से ज्यादा प्रबुद्ध लोगों की राय शामिल है। 

इस सर्वे में राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, अध्यात्म, चिकित्सा और विज्ञान, पत्रकारिता, समाजसेवा, सहकारिता, उद्योग एवं व्यापार, कला, अभिनय आदि से जुड़े प्रभावशाली व्यक्तियों को शामिल किया गया है।

बायें से रतन टाटा, बीच में अजीत डोभाल और दायें योगी

योगी आदित्‍यनाथ दूसरे स्थान पर

सर्वे के मुताबिक पीएम मोदी को लगभग 99.6 फीसदी लोगों ने जननायक और बेहद प्रभावशाली व्यक्ति माना है। उनकी कार्यकुशलता और लोकप्रियता के कारण सर्वे में वे सर्वोच्च स्थान पर हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ बुलंद इरादे, ईमानदार छवि एवं दूरदर्शिता के कारण 97 फीसदी लोगों की राय में दूसरे स्‍थान पर और 96.5 फीसदी लोगों ने भारत के गृहमंत्री अमित शाह को मजबूत निर्णय लेने के साथ ही उसे सफलता के साथ लागू कराने की क्षमता का धनी राजनेता बताया है, वे सर्वे में तीसरे स्थान पर हैं।

उद्योगपति रतन टाटा 

सर्वे में 95.2 फीसदी राय के साथ देश के जाने माने उद्योगपति रतन टाटा को सामाजिक सरोकार तथा उद्यमिता के लिये चौथा स्‍थान मिला है। वहीं 95 फीसदी पांचवें नंबर पर भारत के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी का नाम है। देश में इंटरनेट को आम लोगों तक पहुंचाने के इनके प्रयास की लोगों ने सराहना की है। 

श्री श्री रविशंकर और अजीत डोभाल

इस सूची में केरल के मुख्‍यमंत्री पी विजयन को छठें स्थान पर माना गया। आर्ट ऑफ लिविंग के फाउंडर श्री श्री रविशंकर ने विश्वशांति गुरु के तौर पर सूची में सातवां स्थान सुनिश्चित किया है। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह साफ सुथरी छवि एवं विकास परक कार्यशैली के आधार पर सूची में आठवें स्थान पर है। देश के एनएसए अजीत डोभाल मुश्किल और परेशानियों में संकटमोचक की भूमिका निभाने के कारण नौवें स्थान पर और साफ सुथरी छवि एवं सफल मुख्यमंत्री के तौर पर ओडिशा के मुख्‍यमंत्री नवीन पटनायक दसवें स्थान पर काबिज होने में सफल रहे।

अन्य नेता और शख्सियतें

इस सूची में थान पाने वाले अन्य लोगों में पीएम के प्रधान सचिव पीके मिश्रा, झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन, अरविंद केजरीवाल, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, नीतिश कुमार ,जगत प्रकाश नड्डा, स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री डा. हर्षवर्धन, ओम बिड़ला, योग गुरु एवं पतंजलि समूह के मुखिया बाबा रामदेव का नाम भी शामल है। 

कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष और जुझारू राजनेता राहुल गांधी 21वें और रन फॉर वाटर के प्रणेता ईशा फाउंडेशन के प्रमुख सदगुरु जग्‍गी वासुदेव सूची में 22वें स्थान पर हैं। देश के राष्ट्रवादी छवि वाले अभिनेता अक्षय कुमार, संसदीय कार्यमंत्री के तौर पर सफल प्रहलाद जोशी और किसानों की भलाई के लिए कार्यरत केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर क्रमशः 23वें, 24वें और 25वें स्थान पर हैं। सूची में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 50 लोगों के नाम जुड़े है, जिन्हें व्यापक सर्वे के आधार पर चुना गया।

 

 










संबंधित समाचार